Ladki Bahin Yojana July Installment Update : मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना की लाभार्थी महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने e-KYC और दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया पूरी करने के बाद 1.66 करोड़ पात्र महिलाओं की अंतिम सूची तैयार कर ली है। इसके साथ ही अब इन महिलाओं के बैंक खातों में ₹1500 की मासिक सहायता राशि सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजने का रास्ता साफ हो गया है।
सरकार के अनुसार, योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और केवल पात्र महिलाओं तक ही आर्थिक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से e-KYC और दस्तावेजों का व्यापक सत्यापन किया गया। इस प्रक्रिया में करीब 66 लाख आवेदन अपात्र पाए गए या फिर अनिवार्य e-KYC पूरी नहीं होने के कारण उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया। महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री मेघना सकोरे-बोर्डीकर ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आवश्यक जांच पूरी होने के बाद लाभार्थियों का डेटाबेस अंतिम रूप से तैयार कर लिया गया है। जून महीने की किस्त भी पात्र महिलाओं के खातों में जमा की जा चुकी है। अब भविष्य की सभी किस्तें इसी प्रमाणित सूची के आधार पर जारी की जाएंगी।
सत्यापन के दौरान यह भी जांच की गई कि लाभार्थी सरकारी कर्मचारी, आयकरदाता या किसी अन्य सरकारी योजना के तहत अपात्र श्रेणी में तो नहीं आते। इसके अलावा डेटाबेस में दर्ज पुरुष आवेदकों को भी सूची से हटाया गया है। गौरतलब है कि योजना में अपात्र लोगों को लाभ मिलने के आरोपों के बाद सरकार की काफी आलोचना हुई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने e-KYC और पात्रता सत्यापन अभियान तेज किया। इसी प्रक्रिया के बाद अंतिम लाभार्थियों की संख्या 1.66 करोड़ तय की गई। यदि आपने भी मुख्यमंत्री माझी लाडकी बहीण योजना के लिए आवेदन किया है, तो एक बार अपनी पात्रता और नाम की पुष्टि आधिकारिक पोर्टल पर जरूर जांच लें, ताकि अगली किस्त मिलने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।


