सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपना दमदार अंदाज दिखाने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है। ट्रेलर में रजनीकांत का जबरदस्त एक्शन और स्वैग तो देखने को मिलता ही है, लेकिन इसी बीच एक छोटी सी झलक ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
दरअसल, ट्रेलर के एक सीन में अंधेरे के बीच बंद दरवाजे के पीछे से एक शख्स टी-शर्ट पहने स्टाइलिश अंदाज में चलता हुआ दिखाई देता है। यह झलक महज करीब तीन सेकंड की है। इसे देखने के बाद फैंस का दावा है कि ट्रेलर में नजर आने वाला शख्स कोई और नहीं बल्कि अभिनेता हृतिक रोशन हैं। हालांकि, अभी यह आधिकारिक तौर पर साफ नहीं हुआ है कि ट्रेलर में दिखाई दे रहा शख्स वास्तव में हृतिक रोशन ही हैं या नहीं। साथ ही फिल्म में उनका कैमियो होगा या नहीं, इस पर भी कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। लेकिन इन कुछ सेकंड की झलक ने फिल्म को लेकर फैंस की उत्सुकता जरूर बढ़ा दी है।
खास बात यह है कि रजनीकांत और हृतिक रोशन इससे पहले 1986 में रिलीज हुई फिल्म ‘भगवान दादा’ में साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में अगर ‘जेलर 2’ में हृतिक की मौजूदगी की पुष्टि होती है, तो करीब 40 साल बाद दोनों कलाकारों को फिर एक साथ देखना दर्शकों के लिए खास पल होगा। निर्देशक नेल्सन के निर्देशन में बनी ‘जेलर 2’ में रजनीकांत एक बार फिर दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगे। फिल्म 15 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब फैंस की नजर इस बात पर है कि ट्रेलर में दिखाई दी वह तीन सेकंड की झलक सच में हृतिक रोशन के कैमियो का संकेत है या सिर्फ एक दिलचस्प सरप्राइज।


