भारतीय क्रिकेट टीम की लोकप्रियता का अंदाजा एक बार फिर देखने को मिल रहा है। अक्टूबर से शुरू होने वाले भारत के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर स्थानीय क्रिकेट फैंस में जबरदस्त उत्साह है। दौरे के मैचों की टिकट बिक्री शुरू होते ही फैंस में टिकट हासिल करने की होड़ मच गई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट की ओर से शुरू की गई ‘क्रिकेट नेशन’ प्री-सेल विंडो में महज 48 घंटे के अंदर 26 हजार टिकटें बिक चुकी हैं। भारत के इस दौरे पर कुल 12 मल्टी-फॉर्मेट मुकाबले खेले जाएंगे। इनमें टी-20 और वनडे मुकाबलों को लेकर दर्शकों में सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिल रहा है।
ईडन पार्क में टिकटों की सबसे ज्यादा मांग
ऑकलैंड के मशहूर ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबलों की टिकटें सबसे तेजी से बिक रही हैं। वहीं, क्राइस्टचर्च के हैग्ले ओवल की क्षमता करीब 9 हजार दर्शकों की है। ऐसे में 22 और 24 अक्टूबर को होने वाले शुरुआती दो टी-20 मुकाबलों के साथ 27 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के भी जल्द हाउसफुल होने की उम्मीद है। वेलिंग्टन में होने वाले तीसरे टी-20, दूसरे वनडे और 19 नवंबर से शुरू होने वाले पहले टेस्ट को लेकर भी फैंस में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
टिकटों की कीमत में कोई बदलाव नहीं
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने इस सीजन में टिकटों की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को ध्यान में रखते हुए पिछले सीजन की कीमतें ही बरकरार रखी गई हैं। ‘क्रिकेट नेशन’ के रजिस्टर्ड सदस्यों को 30 डॉलर से कम कीमत में टिकट उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा सदस्यों को 15 प्रतिशत की छूट भी दी गई है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य मार्केटिंग अधिकारी ग्लेन क्रिचली के मुताबिक, भारतीय टीम के खिलाफ मुकाबले स्थानीय फैंस के लिए हमेशा खास होते हैं। यही वजह है कि प्री-सेल शुरू होते ही टिकटों को लेकर इतना शानदार रिस्पॉन्स देखने को मिला। अब आम दर्शकों को भी टिकट खरीदने का मौका मिलने वाला है। सार्वजनिक टिकट बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी।
फैंस में क्यों है इतना उत्साह ?
भारतीय टीम जहां भी खेलने जाती है, वहां उसके फैंस का उत्साह देखने लायक होता है। न्यूजीलैंड में भी टिकटों की शुरुआती बिक्री ने साफ कर दिया है कि टीम इंडिया के मुकाबलों को लेकर स्थानीय दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है। सीरीज शुरू होने में अभी समय है, लेकिन स्टेडियम की सीटों के लिए अभी से मची यह होड़ मुकाबलों के रोमांच का अंदाजा दे रही है।


