नई दिल्ली : देशभर में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र समेत 22 राज्यों में अगले 6 से 7 दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा, जिससे कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं देखने को मिल सकती हैं।
महाराष्ट्र की बात करें तो मुंबई महानगर क्षेत्र में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मंगलवार और बुधवार को मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि गुरुवार को कुछ इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। ठाणे जिले में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पालघर में मंगलवार तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है, जबकि सप्ताह के दूसरे हिस्से में यहां भी तेज बारिश हो सकती है। रायगढ़ जिले में सबसे ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की जा सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं, पश्चिम-मध्य और दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां सामान्य से कम रहने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।


