अमेजॉन ने भारत में अपने लोकप्रिय वॉइस असिस्टेंट Alexa का नया AI-powered वर्जन Alexa+ लॉन्च कर दिया है। भारत में Alexa की शुरुआत के करीब 8 साल बाद कंपनी ने इसे जनरेटिव AI तकनीक के साथ अपग्रेड किया है। खास बात यह है कि भारत, अमेरिका के बाहर Alexa+ लॉन्च होने वाला पहला देश है।
फिलहाल Early Access के दौरान Alexa+ भारत में सभी यूजर्स के लिए मुफ्त उपलब्ध है। Early Access खत्म होने के बाद भी Amazon Prime सदस्यों को इसके लिए अलग से कोई शुल्क नहीं देना होगा।
हिंदी और हिंग्लिश में समझेगा Alexa+
भारतीय यूजर्स को ध्यान में रखते हुए Alexa+ में हिंदी और हिंग्लिश का सपोर्ट दिया गया है। यानी यूजर्स हिंदी या हिंदी-अंग्रेजी मिलाकर सामान्य बातचीत की तरह Alexa से बात कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, आने वाले समय में भारत की दूसरी क्षेत्रीय भाषाओं का सपोर्ट भी जोड़ा जाएगा।
Amazon Now से जुड़ा Alexa+
Alexa+ को भारत में Amazon Now के साथ भी जोड़ा गया है। यूजर बातचीत के दौरान किसी सामान की जरूरत बता सकता है और Alexa उस सामान को सीधे Amazon Now के कार्ट में जोड़ सकता है।हालांकि, खरीदारी को लेकर नियंत्रण यूजर के पास ही रहेगा। Alexa खुद से ऑर्डर प्लेस नहीं करेगा। ऑर्डर पूरा करने से पहले यूजर को अपनी आवाज से अंतिम पुष्टि करनी होगी।
पुरानी बातें याद रखेगा नया Alexa
Alexa+ की सबसे बड़ी खासियत इसका बेहतर संदर्भ समझने की क्षमता है। यूजर बातचीत के दौरान पहले कही गई बातों का संदर्भ देते हुए आगे सवाल कर सकता है और Alexa उसी संदर्भ के आधार पर जवाब दे सकता है। इसके अलावा, यूजर की बताई गई पसंद और जरूरी जानकारी को याद रखने की क्षमता भी इसमें दी गई है। इससे आगे की बातचीत ज्यादा व्यक्तिगत और आसान हो सकती है।
स्मार्ट होम से लेकर नए डिवाइस तक
Alexa+ संगत स्मार्ट होम डिवाइसेस को कंट्रोल करने, अलग-अलग काम पूरे करने और सवालों के विस्तृत जवाब देने में सक्षम है। Amazon के नए जनरेशन के कुछ हार्डवेयर डिवाइसेस, जैसे नए Fire TV और Echo डिवाइसेस में Alexa+ पहले से ही इन-बिल्ट मिलेगा। यानी भारत में Alexa के 8 साल पूरे होने के साथ Amazon ने अपने वॉइस असिस्टेंट को सिर्फ कमांड सुनने वाले सिस्टम से आगे ले जाकर AI आधारित बातचीत और काम करने की क्षमता देने की दिशा में बड़ा बदलाव किया है।


