मुंबई : श्रद्धा कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ईठा’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। फिल्म में श्रद्धा महाराष्ट्र की दिग्गज तमाशा सम्राज्ञी विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। हाल ही में रिलीज हुए टीज़र में उनके दमदार अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया था और फिल्म की रिलीज डेट 28 अगस्त घोषित की गई थी।
अब फिल्म की रिलीज को लेकर नया अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ की वजह से ‘ईठा’ के निर्माता रिलीज डेट में बदलाव करने पर विचार कर रहे हैं। चर्चा है कि फिल्म को या तो पहले रिलीज किया जाएगा या फिर आगे बढ़ाया जाएगा। हालांकि फिलहाल इतना तय माना जा रहा है कि ‘ईठा’ अब 28 अगस्त को रिलीज नहीं होगी।
‘केजीएफ 2’ के बाद यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता है। फिल्म के प्रोमो और यश-कियारा का गाना ‘तबाही’ सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा में है। ऐसे में कई निर्माता अपनी फिल्मों की रिलीज डेट को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि मॅडॉक फिल्म्स जल्द ही ‘ईठा’ की नई रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा कर सकती है। इसी बीच सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म ‘वन’ की रिलीज डेट भी बदलकर 25 सितंबर कर दी गई है।
कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर?
विठाबाई नारायणगांवकर महाराष्ट्र की लोककला, विशेष रूप से तमाशा और लावणी की सबसे प्रतिष्ठित कलाकारों में से एक थीं। सातारा जिले के शिरवळ में जन्मी विठाबाई ने अपनी कला के दम पर पूरे महाराष्ट्र में अलग पहचान बनाई। उन्हें ‘तमाशा सम्राज्ञी’ की उपाधि से सम्मानित किया गया था। लोककला में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें दो बार राष्ट्रपति पुरस्कार मिला। तमाशा क्षेत्र में यह सम्मान पाने वाली वे पहली महिला कलाकार थीं। आज भी महाराष्ट्र सरकार उनके नाम पर ‘विठाबाई नारायणगांवकर जीवनगौरव पुरस्कार’ प्रदान करती है।


