पुणे : पिंपरी-चिंचवड़ के आकुर्डी इलाके से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवा ऑटो रिक्शा चालक ने अपनी ही रिक्शा में फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना देर रात होने का प्राथमिक अनुमान है।
मृतक युवक की पहचान प्रमोद सालुंखे (उम्र लगभग 32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह चाकण के आंबेठाण इलाके के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार, आकुर्डी स्थित सुखवानी हेरिटेज बिल्डिंग के सामने खड़ी एक ऑटो रिक्शा में प्रमोद सालुंखे का शव फंदे से लटका हुआ मिला। सुबह जब स्थानीय लोगों को रिक्शा संदिग्ध स्थिति में दिखाई दी, तो उन्होंने तुरंत निगडी पुलिस को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही निगडी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि प्रमोद सालुंखे ने अपनी शर्ट का इस्तेमाल कर रिक्शा के अंदर फांसी लगाई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पिंपरी स्थित यशवंतराव चव्हाण स्मृति अस्पताल भेज दिया है।
इस मामले में पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रमोद सालुंखे ने यह कदम आखिर किस वजह से उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पारिवारिक विवाद, आर्थिक परेशानी या किसी अन्य मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह कदम उठाया था क्या, इसकी जांच निगडी पुलिस कर रही है। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच भी शुरू कर दी है। घटना के पीछे की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन कर रही है।


