नागपुर : नागपुर शहर में चल रहे विशेष सखोल पुनरीक्षण (SIR) अभियान को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासन ने काम में तेजी लाने की तैयारी शुरू कर दी है। शहरी क्षेत्र में पुनरीक्षण की प्रक्रिया को गति देने के लिए अब बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के साथ महानगरपालिका के प्रत्येक प्रभाग के कर संग्राहकों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मनपा आयुक्त डॉ. विपीन इटनकर और जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने BLO और कर संग्राहकों से अपील की है कि वे इस कार्य को राष्ट्रीय कर्तव्य मानते हुए अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और तय समय सीमा में निभाएं। नागपुर शहर में विशेष सखोल पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान और काम की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कवि सुरेश भट सभागृह में जिलाधिकारी कार्यालय और नागपुर महानगरपालिका की ओर से संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद और मनपा आयुक्त डॉ. विपीन इटनकर ने SIR प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को मार्गदर्शन दिया। इस दौरान मनपा अतिरिक्त आयुक्त अंकित कृष्णमूर्ति, अपर जिलाधिकारी प्रवीण महिरे, चुनाव उपजिलाधिकारी डॉ. रचना इंदूरकर, मतदार नोंदणी अधिकारी, मनपा के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और SIR प्रक्रिया में शामिल कर संग्राहक उपस्थित रहे।
विशेष सखोल पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं के पते नहीं मिलना, मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं होना और जानकारी के डिजिटाइजेशन जैसी चुनौतियां सामने आ रही हैं। इन समस्याओं को दूर करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न उपाय किए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस पुनरीक्षण प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची का काम समय पर और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।


