वरिष्ठ साहित्यकारों और कलाकारों के लिए सुनहरा मौका! हर महीने ₹5,000 मानधन, 21 जुलाई तक करें आवेदन

नागपुर : कला और साहित्य के क्षेत्र में लंबे समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ साहित्यकारों और कलाकारों के लिए महाराष्ट्र सरकार ने ‘राजर्षि शाहू महाराज ज्येष्ठ साहित्यिक व कलाकार मानधन सम्मान योजना’ के तहत आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को हर महीने 5,000 रुपये का मानधन दिया जाएगा। इच्छुक साहित्यकार और कलाकार 1 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक ‘आपले सरकार’ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के लिए सामान्य आवेदकों की आयु 50 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है। वहीं, दिव्यांग साहित्यकारों और कलाकारों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने आयु सीमा में 10 वर्ष की छूट दी है। ऐसे में दिव्यांग आवेदक 40 वर्ष की आयु से इस योजना के लिए पात्र होंगे। इस योजना का लाभ केवल उन्हीं साहित्यकारों और कलाकारों को मिलेगा, जिन्होंने कला या साहित्य के क्षेत्र में कम से कम 15 वर्षों तक लगातार, गुणवत्तापूर्ण और उल्लेखनीय योगदान दिया हो। चयन के दौरान आयु में वरिष्ठ, विधवा, परित्यक्ता और दिव्यांग कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक के परिवार की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 60 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। साथ ही, कलाकार की आजीविका केवल कला पर ही निर्भर हो तथा किसी अन्य माध्यम से उसकी आय नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा, जो कलाकार केंद्र या राज्य सरकार की किसी निगम, मंडल अथवा अन्य किसी नियमित मासिक पेंशन योजना का लाभ नहीं ले रहे हैं, वही इस योजना के लिए पात्र होंगे। आवेदक का महाराष्ट्र का निवासी होना अनिवार्य है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए आयु प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, शपथपत्र, बैंक पासबुक, दिव्यांगता प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), पति-पत्नी का संयुक्त फोटो (यदि लागू हो), राज्य या केंद्र सरकार से प्राप्त पुरस्कारों के प्रमाणपत्र (यदि लागू हों), नामांकित संस्था अथवा व्यक्ति का अनुशंसा पत्र (यदि लागू हो) सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे। जिलाधिकारी नागपुर एवं जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष ने पात्र साहित्यकारों और कलाकारों से अपील की है कि वे 21 जुलाई 2026 से पहले ऑनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाएं।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

बीरभूम में लगी भीषण आग, होटल में सो रहे 8 लोग जिंदा जले

तारापीठ. पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले के एक होटल में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से झुलस हो गए। प्रशासन की…

उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में भगदड़

उज्जैन. महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप अफरा-तफरी मच गई. बैरिकेडिंग के अंदर…