नागपुर : नागपुर स्थित स्वामी विवेकानंद मेडिकल मिशन के विस्तारित ICU का हाल ही में जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद के हाथों लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर इन्फोसेफ्ट टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी शशांक गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मिशन के अध्यक्ष पराग सराफ ने अतिथियों का स्वागत कर की। अपने प्रास्ताविक में उन्होंने संस्थान की स्वास्थ्य सेवाओं की अब तक की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मरीजों की सेवा मिशन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी भावना के साथ सभी डॉक्टर लगातार कार्य कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों और आम नागरिकों तक आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के मिशन के उद्देश्य को दोहराया।
जिला कलेक्टर कुमार आशीर्वाद ने डॉक्टरों की समाज के प्रति समर्पित सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में ऐसे उपक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है। मुख्य अतिथि शशांक गर्ग ने भी मिशन के स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सामाजिक सहभागिता को आवश्यक बताया।
डॉक्टर्स डे के अवसर पर संस्थान के सभी डॉक्टरों का सम्मान किया गया। साथ ही सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप खानझोडे, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिजीत फुलाड़ी और वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा सारगावकर का विशेष सत्कार किया गया। इस अवसर पर मिशन के सचिव नितीन पाटील, कार्यकारिणी सदस्य डॉ. दिलीप गुप्ता, डॉ. कमल भुतड़ा, रितेश गावंडे और नितीन गर्गे सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


