सलमान खान फायरिंग केस में बड़ा मोड़, तिहाड़ जेल से आरोपी अनमोल बिश्नोई ने कोर्ट में सरेंडर की जताई इच्छा

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर अप्रैल 2024 में हुई फायरिंग मामले में अब एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। इस केस के मुख्य आरोपियों में शामिल अनमोल बिश्नोई ने मुंबई की विशेष अदालत में सरेंडर करने की इच्छा जताते हुए आवेदन दाखिल किया है।
फिलहाल अनमोल बिश्नोई दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। वह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक अन्य मामले में गिरफ्तार है। नवंबर 2025 में उसे अमेरिका से भारत लाया गया था, जिसके बाद एनआईए ने उसे गिरफ्तार किया था। अब उसने सलमान खान फायरिंग केस में भी अदालत की प्रक्रिया का सामना करने की तैयारी दिखाई है। अदालत में दाखिल अपने आवेदन में अनमोल बिश्नोई ने निष्पक्ष सुनवाई पर भरोसा जताया है। साथ ही उसने विशेष अदालत से अनुरोध किया है कि तिहाड़ जेल प्रशासन को प्रोडक्शन वारंट जारी किया जाए, ताकि उसे मुंबई लाकर अदालत के सामने पेश किया जा सके और सरेंडर की कानूनी प्रक्रिया पूरी हो सके।
इस आवेदन पर सुनवाई करते हुए विशेष न्यायाधीश एस. आर. नवेंदर ने सरकारी पक्ष को जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद अदालत आगे की प्रक्रिया पर फैसला लेगी। गौरतलब है कि 14 अप्रैल 2024 को दो बाइक सवार हमलावरों ने सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर फायरिंग की थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। जांच के दौरान मुंबई पुलिस ने इस मामले में मकोका के तहत केस दर्ज किया था। जांच एजेंसियों का दावा है कि इस हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ था।
इस मामले में विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह समेत कई आरोपियों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है और सभी न्यायिक हिरासत में हैं। अब तक इस केस में तीन गवाहों के बयान भी दर्ज किए जा चुके हैं। अनमोल बिश्नोई की ओर से दायर सरेंडर अर्जी के बाद माना जा रहा है कि इस चर्चित मामले की सुनवाई में आने वाले दिनों में महत्वपूर्ण कानूनी घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

9 साल बाद लौट रही है ‘Mom’ की विरासत! श्रीदेवी की जगह अब बेटी खुशी कपूर निभाएंगी लीड रोल

मुंबई :  दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी की आखिरी फिल्म ‘Mom’ ने साल 2017 में दर्शकों के दिलों पर गहरी छाप छोड़ी थी। अब करीब 9 साल बाद इस सुपरहिट फिल्म का…

एक्शन सीन के दौरान घायल हुए राम चरण, सफल सर्जरी के बाद अस्पताल से आई राहत भरी खबर

मुंबई : साउथ सुपरस्टार राम चरण को लेकर उनके फैंस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन करते समय उनके…