Maharashtra Rain Alert: महाराष्ट्र में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक कोंकण, घाट क्षेत्रों और मध्य महाराष्ट्र में बारिश का जोर बना रहेगा। मुंबई, पुणे समेत कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो सकता है। निचले क्षेत्रों में जलभराव, पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और यातायात बाधित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
आज (3 जुलाई) रायगढ़ और पुणे जिले के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कोंकण के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट लागू है।
शनिवार (4 जुलाई) के लिए पालघर, ठाणे, रायगढ़, पुणे के घाट क्षेत्र और सातारा में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए स्थानीय लोगों और पर्यटकों से सावधानी बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 6 जुलाई के बाद राज्य में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे कम हो सकती है। हालांकि तब तक मौसम में बदलाव की संभावना बनी रहेगी, इसलिए लोगों को मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनियों पर नजर रखने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


