नागपुर: गीता नगर, झिंगाबाई टाकली स्थित गोकुल कॉन्व्हेंट एंड हायर इंग्लिश स्कूल में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नए विद्यार्थियों का प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। स्कूल परिसर को रंग-बिरंगे फूलों और गुब्बारों से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया।
स्कूल में पहली बार पहुंचे नन्हे विद्यार्थियों का गुलाब के फूल और चॉकलेट देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सेल्फी प्वाइंट रहा, जहां बच्चों ने अपने स्कूल जीवन की पहली याद को कैमरे में कैद किया। बच्चों के चेहरों पर दिख रही खुशी ने अभिभावकों को भी भावुक कर दिया और पूरे कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गोपाल एज्युकेशन सोसायटी के अध्यक्ष बालासाहेब पन्नासे ने की। इस अवसर पर भारतीय कृषि विद्यालय एवं कनिष्ठ महाविद्यालय की प्राचार्या अर्चना पन्नासे तथा गोकुल कॉन्व्हेंट की पर्यवेक्षिका एवं कार्यवाहिका दीपिका तुटकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। अपने अध्यक्षीय संबोधन में बालासाहेब पन्नासे ने कहा कि झिंगाबाई टाकली क्षेत्र के विद्यार्थियों को कम खर्च में गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोकुल कॉन्व्हेंट लगातार कार्य करता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका भाग्यश्री मैडम ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सरिता वाघमारे ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रद्धा मैडम, विधि मैडम तथा भारतीय कृषि विद्यालय के सभी शिक्षकों का सहयोग रहा।


