मुंबई : महाराष्ट्र में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश का असर अब और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मुंबई, ठाणे और पालघर के लिए अगले तीन घंटे बेहद महत्वपूर्ण बताए गए हैं और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग ने पालघर और पुणे के घाट क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, नदियों के जलस्तर में वृद्धि और यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसके अलावा मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सातारा घाट क्षेत्र और कोल्हापुर घाट क्षेत्र के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।
लगातार हो रही बारिश के कारण रायगढ़ और पालघर जिलों के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कई स्थानों पर सड़कों पर जलभराव होने से यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। विदर्भ क्षेत्र में भी बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अकोला, अमरावती, वर्धा, नागपुर, भंडारा और चंद्रपुर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है।
इस बीच, दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर भारत की ओर लगातार आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून उत्तर अरब सागर, पूरे हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर के साथ-साथ गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुका है। अगले दो दिनों में दिल्ली और राजस्थान के अन्य क्षेत्रों में भी मानसून के पहुंचने की संभावना जताई गई है।


