नागपुर : नागपुर के उद्योगपति एवं समाजसेवी विलास काले ने अपने 75वें जन्मदिन को एक अनोखे और प्रेरणादायी तरीके से मनाते हुए ‘जीवन उत्सव – ए सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ’ नामक वेब सीरीज की शुरुआत की है। इस श्रृंखला का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली हस्तियों के जीवन अनुभवों के माध्यम से लोगों को अधिक समृद्ध, सार्थक और आनंदमय जीवन जीने की प्रेरणा देना है। इस वेब सीरीज में कला, संगीत, रंगमंच, संस्कृति, यात्रा, व्यक्तित्व विकास, प्रशिक्षण तथा आध्यात्मिक विकास जैसे विविध विषयों पर प्रेरक संवाद प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस पहल की शुरुआत ‘किस्से मेरे अनुभवों के’ नामक 20 एपिसोड की विशेष श्रृंखला से हो रही है। इसमें वरिष्ठ प्रसारक, रेडियो उद्घोषक और मंच संचालक किशन शर्मा अपने जीवन के रोचक और प्रेरणादायी अनुभव शुभांगी रायळू के साथ संवाद के माध्यम से साझा करेंगे। 82 वर्षीय किशन शर्मा ने आकाशवाणी के विविध भारती में 27 वर्षों तक सेवाएं दी हैं। उन्होंने ‘छायागीत’, ‘बेला के फूल’ और ‘भूले बिसरे गीत’ जैसे लोकप्रिय कार्यक्रमों का संचालन किया। साहित्य, संगीत, सिनेमा, राजनीति और सामाजिक जीवन की अनेक महान हस्तियों से उनके गहरे और आत्मीय संबंध रहे हैं।
अटल बिहारी वाजपेयी, राज कपूर, कवि प्रदीप, आशा भोसले, शंकर-जयकिशन तथा विनोबा भावे जैसी विभूतियों से जुड़े उनके संस्मरण इस श्रृंखला का प्रमुख आकर्षण होंगे। इस वेब सीरीज की शूटिंग सीताबर्डी स्थित फॉर्च्यून मॉल के ‘द बुटी हाउस स्टूडियो’ में की गई है। संपूर्ण निर्माण, शूटिंग, संपादन और पोस्ट-प्रोडक्शन का कार्य आदित्य बुटी और उनकी टीम द्वारा सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।


