मुंबई : विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने बुधवार को औचित्य के माध्यम से दो अहम जनहित के मुद्दे उठाते हुए राज्य सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की। उन्होंने म्यांमार में नौकरी के नाम पर फंसे महाराष्ट्र के युवाओं की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के साथ-साथ समृद्धि महामार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया।
वडेट्टीवार ने कहा कि बीड, नाशिक, धाराशिव, चाळीसगांव, ठाणे सहित महाराष्ट्र के कई जिलों के युवाओं को सोशल मीडिया पर आकर्षक नौकरी का झांसा देकर पहले थाईलैंड और फिर म्यांमार ले जाया गया। वहां कथित आईटी पार्क में उन्हें बंधक बनाकर 16 से 18 घंटे तक साइबर ठगी से जुड़े काम करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। काम करने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। उन्होंने बताया कि इस मामले में महाराष्ट्र के लगभग 20 से 25 युवा प्रभावित हैं। इसे अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए वडेट्टीवार ने राज्य सरकार से केंद्र सरकार और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी युवाओं की सुरक्षित वापसी के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान उन्होंने समृद्धि महामार्ग पर बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा भी उठाया। हाल ही में धामणगांव रेलवे क्षेत्र के पास खड़े कंटेनर से कार की टक्कर में चंद्रपुर जिले के एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का उल्लेख करते हुए उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताया। वडेट्टीवार ने कहा कि महामार्ग पर खड़े भारी वाहनों, सुरक्षा व्यवस्था की कमी, आवश्यक सुविधाओं के अभाव और प्रभावी निगरानी तंत्र नहीं होने के कारण लगातार जानलेवा हादसे हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से समृद्धि महामार्ग पर दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय लागू करने की मांग की। उन्होंने विधानसभा में कहा कि इन दोनों मामलों में राज्य सरकार को गंभीरता से हस्तक्षेप करते हुए आवश्यक और ठोस कदम उठाने चाहिए।


