मुंबई : मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश का असर अब शहर के जलाशयों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। भारी बारिश के बीच पवई झील ओवरफ्लो हो गई है। वहीं, मुंबई को पानी सप्लाई करने वाले जलाशयों में भी पानी का स्तर बढ़ रहा है। ऐसे में आने वाले दिनों में शहर की पानी की जरूरत को लेकर राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे पवई झील पूरी तरह भरकर बहने लगी। करीब 545 करोड़ लीटर क्षमता वाली इस झील का पानी औद्योगिक उपयोग के लिए इस्तेमाल किया जाता है। BMC द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, विहार झील में पानी का स्तर 50 प्रतिशत से अधिक हो गया है, जबकि तुलसी झील में भी जलसंचय बढ़कर करीब 28 प्रतिशत तक पहुंच गया है। हालांकि, भातसा बांध में अब भी 5 प्रतिशत से कम पानी है और अपर वैतरणा जलाशय में जलसंचय नहीं के बराबर है। इसके बावजूद मुंबई को पानी उपलब्ध कराने वाले सातों जलाशयों में कुल जलसंचय बढ़कर 1,03,871 मिलियन लीटर तक पहुंच गया है।
उधर, लगातार हो रही बारिश के कारण रायगढ़ जिले के पोलादपुर स्थित रानबाजीरे बांध भी ओवरफ्लो हो गया है। पिछले 24 घंटों में पोलादपुर में 130 मिमी बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के चलते बांध से पानी छोड़ा जा रहा है। महाबलेश्वर और प्रतापगढ़ क्षेत्र से आने वाला बारिश का पानी सावित्री नदी के जरिए इस बांध तक पहुंच रहा है, जिससे जलस्तर तेजी से बढ़ा।


