मुंबई : मुंबई और आसपास के इलाकों में बुधवार सुबह से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और कल्याण-डोंबिवली के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई सड़कों पर पानी भरने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि अंधेरी सबवे को सुरक्षा के मद्देनज़र यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
शहर के पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी, जोगेश्वरी, गोरेगांव, मालाड, कांदिवली, बोरिवली, दहिसर, विले पार्ले, सांताक्रूज़ और बांद्रा सहित कई इलाकों में सुबह से तेज बारिश जारी है। देर रात शुरू हुई बारिश दोपहर तक और तेज हो गई, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया। सबसे ज्यादा असर अंधेरी इलाके में देखने को मिला, जहां सबवे में करीब चार से पांच फीट तक पानी भर जाने के कारण उसे पूरी तरह बंद करना पड़ा। इसके चलते वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ रहा है और आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव बढ़ गया है।
बारिश का असर मुंबई की लोकल रेल सेवा पर भी दिखाई दिया। मध्य और हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें करीब 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं, जबकि पश्चिम रेलवे की सेवाएं भी 5 से 10 मिनट तक विलंबित हैं। ठाणे में भी मध्यरात्रि से तेज बारिश का दौर जारी रहा। अब तक शहर में 137.12 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। हालांकि फिलहाल बारिश की तीव्रता कुछ कम हुई है, लेकिन मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। विशेष रूप से 2 और 3 जुलाई को अत्यधिक बारिश होने की चेतावनी दी गई है।
पालघर जिले में भी लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के साईनगर, अडवली-ढोकली और अहिल्याबाई चौक जैसे इलाकों में पानी भरने से लोगों की दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। उधर, कल्याण के उंबर्डे गांव स्थित शेतकरी जागृत मंडल माध्यमिक विद्यालय के परिसर में घुटनों तक पानी भर गया। इससे विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में कठिनाई हो रही है और अभिभावकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश जारी रहने पर हालात और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।


