नागपुर: लंबे इंतजार के बाद आखिरकार RTE (शिक्षा का अधिकार) के तहत चयनित 38 विद्यार्थियों को वर्धमान नगर स्थित श्री स्वामी नारायण स्कूल में प्रवेश मिल गया। दाखिला मिलने के बाद विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के अनुसार, ऑनलाइन अलॉटमेंट होने के बावजूद इन विद्यार्थियों का स्कूल में प्रवेश नहीं हो पा रहा था। इस मामले को लेकर प्रभाग क्रमांक 8 के नगरसेवक एवं स्थायी समिति सदस्य वसीम खान ने जिला परिषद के शिक्षा अधिकारी से लिखित शिकायत कर हस्तक्षेप की मांग की थी। इसके बाद शिक्षा विभाग ने मामले पर कार्रवाई करते हुए सभी पात्र विद्यार्थियों का प्रवेश सुनिश्चित कराया। बताया गया कि इस प्रक्रिया के दौरान स्कूल का करीब ढाई करोड़ रुपये का लंबित भुगतान भी जारी किया गया, जिससे प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने का रास्ता साफ हुआ।
दाखिला मिलने के बाद विद्यार्थियों के अभिभावकों ने खुशी जताते हुए नगरसेवक वसीम खान के प्रयासों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं, वसीम खान ने कहा कि यह बच्चों के शिक्षा के अधिकार की जीत है। उन्होंने शिक्षा विभाग और श्री स्वामी नारायण स्कूल प्रशासन का भी सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और किसी भी पात्र विद्यार्थी को इससे वंचित नहीं होने दिया जाएगा। भविष्य में भी यदि किसी बच्चे के शिक्षा के अधिकार से जुड़ा कोई मामला सामने आता है, तो उसके लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।


