जयपुर : राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। इस हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर मलबा हटाने और फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिलाधिकारी संदेश नायक ने तीन मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ताला मोड़ के पास नाले की खुदाई का काम चल रहा था। बताया जा रहा है कि अधिक खुदाई किए जाने के कारण पास की निर्माणाधीन इमारत की दीवार ढह गई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि हादसे में मृतकों की संख्या अधिक हो सकती है, हालांकि प्रशासन ने फिलहाल तीन मौतों की ही पुष्टि की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीवार गिरने से 12 से अधिक लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। बचाव दल लगातार राहत कार्य में जुटा है और मलबे में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश जारी है।


