मुंबई: मुंबई के गिरगांव इलाके में पुलिस ने हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान दो अभिनेत्रियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि फिल्मी दुनिया के कई सेलिब्रिटीज के साथ काम करने वाले एक मेकअप आर्टिस्ट को हिरासत में लिया गया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गिरगांव स्थित एक ठिकाने पर महिलाओं से देह व्यापार कराया जा रहा है और वहां बड़े स्तर पर पैसों का लेन-देन हो रहा है। सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई और एक फर्जी ग्राहक को मौके पर भेजा। शुरुआती जांच में सूचना सही पाए जाने के बाद पुलिस ने तुरंत छापा मारकर कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान दो महिलाओं को वहां से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें एक मराठी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी अभिनेत्री बताई जा रही है, जबकि दूसरी बंगाली और हिंदी फिल्मों में छोटे-बड़े किरदार निभा चुकी है। इसी दौरान मनोरंजन जगत के कई सेलिब्रिटीज के साथ काम कर चुके एक मेकअप आर्टिस्ट को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे रैकेट में मेकअप आर्टिस्ट की क्या भूमिका थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। शुरुआती जांच में इस नेटवर्क के और भी बड़े होने की आशंका जताई गई है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


