भारतीय टेलीग्राम यूजर्स के लिए राहत भरी खबर है। कुछ दिनों तक प्रतिबंध का सामना करने के बाद अब टेलीग्राम दोबारा सामान्य रूप से काम करने लगा है। ऐप एक बार फिर गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है, जिससे यूजर्स पहले की तरह मैसेज भेज और प्राप्त कर सकते हैं। हालांकि, प्लेटफॉर्म का एक अहम फीचर अभी भी बंद है, जिसके कारण कई यूजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, टेलीग्राम का मैसेज एडिटिंग फीचर फिलहाल उपलब्ध नहीं है। इस फीचर की मदद से यूजर्स भेजे गए मैसेज में बिना डिलीट किए बदलाव कर सकते थे। लेकिन फिलहाल इस सुविधा पर रोक बरकरार है और इसके 30 जून तक बंद रहने की संभावना जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, 21 जून को आयोजित की गई नीट परीक्षा को लेकर सुरक्षा कारणों से सरकार ने टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध लगाया था। जांच के दौरान यह सामने आया था कि पहले हुए पेपर लीक मामले में प्रश्नपत्र और अन्य गोपनीय जानकारी साझा करने के लिए टेलीग्राम का इस्तेमाल किया गया था। इसी वजह से परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए एहतियातन यह कदम उठाया गया था। बाद में 22 जून को यह प्रतिबंध हटा लिया गया। हालांकि, सरकार ने टेलीग्राम को निर्देश दिया है कि 30 जून तक मैसेज एडिटिंग फीचर बंद रखा जाए। माना जा रहा है कि इससे किसी भी संदेश में बाद में बदलाव कर सबूत मिटाने या गलत जानकारी फैलाने की संभावनाओं पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।
इस फैसले का सीधा असर आम यूजर्स पर भी पड़ा है। अब यदि कोई संदेश भेजने के बाद उसमें गलती रह जाती है, तो उसे सुधारने का विकल्प उपलब्ध नहीं है। ऐसे में यूजर्स को पूरा मैसेज डिलीट कर दोबारा लिखकर भेजना पड़ रहा है। खासकर लंबे संदेश भेजने वाले लोगों के लिए यह प्रक्रिया थोड़ी असुविधाजनक साबित हो रही है। फिलहाल यूजर्स को 30 जून तक इंतजार करना होगा। इसके बाद ही मैसेज एडिटिंग फीचर दोबारा शुरू करने को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


