मुंबई: मुंबई में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सड़कों पर जमा पानी की वजह से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच शहर के गांधी नगर इलाके में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां महापौर की मौजूदगी में ही एक नागरिक खुले मैनहोल में गिर गया।
जानकारी के मुताबिक, भारी बारिश के कारण सड़क पर इतना पानी जमा हो गया था कि मैनहोल दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक नागरिक अचानक मैनहोल में जा गिरा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई।मुंबई में हर वर्ष बारिश के दौरान खुले या पानी में डूबे मैनहोल हादसों का कारण बनते हैं। जलभराव की वजह से सड़क और मैनहोल का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। गांधी नगर में हुई यह घटना भी इसी लापरवाही का उदाहरण मानी जा रही है।
खास बात यह है कि हाल ही में महापौर रितू तावड़े ने खुले मैनहोल को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। लेकिन उनके सामने ही नागरिक के मैनहोल में गिरने की घटना ने प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। नागरिकों का कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस उपाय किए जाने चाहिए। फिलहाल इस घटना ने शहर में खुले मैनहोल और प्रशासनिक लापरवाही के मुद्दे को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।


