RTMNU में शुरू हुआ फाइनेंशियल एंड एक्चुरियल मैथमेटिक्स कोर्स

नागपुर : 12वीं में गणित विषय लेकर पढ़ाई करने वाले अधिकांश छात्र इंजीनियरिंग, बैंकिंग, सीए या डेटा साइंस जैसे करियर विकल्पों के बारे में जानते हैं। लेकिन एक ऐसा पेशा भी है, जिसकी देश और विदेश में लगातार मांग बढ़ रही है और जो आकर्षक वेतन के साथ शानदार भविष्य का वादा करता है। यह पेशा है ‘एक्चुअरी’ का। इसी बढ़ती जरूरत को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों के लिए एक नया और रोजगारोन्मुखी कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के गणित विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से बी.एससी. फाइनेंशियल एंड एक्चुरियल मैथमेटिक्स विशेषीकरण पाठ्यक्रम शुरू किया है।
एक्चुअरी ऐसे विशेषज्ञ होते हैं जो गणित, सांख्यिकी और डेटा विश्लेषण की मदद से वित्तीय जोखिमों का आकलन करते हैं। बीमा कंपनियों, बैंकों, निवेश संस्थानों और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यही वजह है कि यह क्षेत्र आज युवाओं के लिए तेजी से उभरते करियर विकल्पों में शामिल हो रहा है। विश्वविद्यालय का दावा है कि यह पाठ्यक्रम छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि उन्हें उद्योग जगत की वास्तविक जरूरतों से भी जोड़ेगा। पाठ्यक्रम में फाइनेंशियल मैथमेटिक्स, रिस्क मॉडलिंग, डेटा एनालिटिक्स, पायथन और आर प्रोग्रामिंग जैसे आधुनिक विषय शामिल किए गए हैं, जो वर्तमान रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप हैं।
इस कोर्स की खास बात यह है कि इसमें अप्रेंटिसशिप और इंटर्नशिप की सुविधा भी दी जाएगी। इससे विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले वर्षों में एक्चुरियल साइंस के क्षेत्र में कुशल पेशेवरों की मांग और अधिक बढ़ने वाली है। ऐसे में गणित में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पाठ्यक्रम सुनहरे भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकता है।
विश्वविद्यालय ने बताया कि इस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए स्पॉट एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक विश्वविद्यालय परिसर स्थित प्रवेश सुविधा केंद्र से संपर्क कर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

बीरभूम में लगी भीषण आग, होटल में सो रहे 8 लोग जिंदा जले

तारापीठ. पश्चिम बंगाल के बीरभूम ज़िले के एक होटल में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से झुलस हो गए। प्रशासन की…

उज्जैन के महाकाल मंदिर परिसर में भगदड़

उज्जैन. महाकाल मंदिर के ऊपरी तल पर स्थित श्रीनागचंद्रेश्वर मंदिर के दर्शन के लिए लगी कतार में सोमवार को हरसिद्धि मंदिर चौराहे के समीप अफरा-तफरी मच गई. बैरिकेडिंग के अंदर…