बॉलीवुड सितारों को धमकाकर करोड़ों रुपये वसूलने की कोशिश का मामला सामने आया है। अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजने के आरोप में मुंबई पुलिस ने बेंगलुरु से एक आईटी इंजीनियर को हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के रूप में हुई है। उस पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा होने का दावा कर फिल्मी हस्तियों को डराने और उनसे पैसों की मांग करने का आरोप है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दी धमकी
जानकारी के मुताबिक, अभिनेता आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो मैसेज मिला था। इसमें संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए उनसे करोड़ों रुपये की मांग की थी। इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।पुलिस की जांच में ऑडियो मैसेज की आवाज और उसे भेजने वाले मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई जा रही थी। आवाज के नमूनों का मिलान करने के साथ साइबर सेल आरोपी की लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी। इसी जांच के आधार पर वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से हिरासत में लिया गया।
तुषार कपूर से मांगे थे 5 करोड़ रुपये
इस मामले में अभिनेता तुषार कपूर को भी पहले धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था। संदेश भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की मांग की थी। तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी। इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपी गई थी।
क्या और भी सितारे थे निशाने पर?
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी की घटना के बाद से बॉलीवुड कलाकारों को मिल रही धमकियों ने फिल्म इंडस्ट्री की चिंता बढ़ा दी है। अमिताभ बच्चन के बाद आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को मिले धमकी भरे संदेशों ने इस मामले को और गंभीर बना दिया।वैभव मिश्रा को हिरासत में लेने के बाद अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने किन-किन लोगों को धमकी भरे संदेश भेजे थे। इसके पीछे उसका मकसद क्या था और क्या वह किसी अन्य व्यक्ति के इशारे पर यह सब कर रहा था? इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। फिलहाल, इस मामले में पुलिस की आगे की जांच अहम मानी जा रही है। क्योंकि मामला सिर्फ दो अभिनेताओं तक सीमित नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री की कई हस्तियों की सुरक्षा से जुड़ा हुआ है।


