बॉलीवुड के भाईजान सलमान खान एक बार फिर अपने फैंस के लिए खास सरप्राइज लेकर आए हैं। सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की फिल्म ‘मातृभूमि’ इन दिनों लगातार चर्चा में है। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन इसी बीच मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ रिलीज कर दिया है। खास बात यह है कि इस गाने में सलमान खान ने खुद अपनी आवाज दी है।
गाने में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। वहीं, लाल साड़ी में चित्रांगदा सिंह का खूबसूरत और बोल्ड अंदाज भी दर्शकों का ध्यान खींच रहा है। गाने के वीडियो में दोनों की जोड़ी काफी आकर्षक नजर आ रही है। ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ को सलमान खान और मुस्कान ने अपनी आवाज दी है। इस गाने का संगीत हिमेश रेशमिया ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल साजिद खान ने लिखे हैं। गाने का संगीत भी साजिद खान ने ही दिया है।
फैंस को पसंद आ रही सलमान की आवाज
गाना रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर सलमान खान के चाहने वालों की प्रतिक्रियाएं आने लगी हैं। फैंस उनकी आवाज की तारीफ कर रहे हैं और गाने पर अपना प्यार जता रहे हैं। सलमान खान के लिए गाना गाना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी वह अपनी फिल्मों में अपनी आवाज का जादू दिखा चुके हैं।
फिल्म ‘किक’ में जैकलीन फर्नांडिस के साथ उनका गाया गाना भी काफी पसंद किया गया था। इसके अलावा सलमान खान ने फिल्म ‘हीरो’ के लिए भी गाना गाया है। अब ‘मातृभूमि’ के इस नए गाने के जरिए सलमान ने एक बार फिर अपने फैंस को खुश कर दिया है। फिल्म की रिलीज डेट भले ही अभी सामने नहीं आई हो, लेकिन ‘तेरी सेक्सी ब्यूटी’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता जरूर बढ़ गई है।


