भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने ऐसा प्रदर्शन किया कि कीवी बल्लेबाजों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। अर्शदीप सिंह की धारदार गेंदबाजी, गुरनूर बरार और अंशुल कंबोज का शानदार साथ और रोहित शर्मा-विराट कोहली की फुर्तीली फील्डिंग ने मुकाबले में भारतीय टीम का दबदबा कायम कर दिया। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 40.2 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
अर्शदीप के सामने नहीं टिके कीवी बल्लेबाज
भारतीय गेंदबाजी की कमान संभालते हुए अर्शदीप सिंह ने शुरुआत से ही न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया। उन्होंने पहले 10 ओवर के भीतर विल यंग (9) और हेनरी निकोल्स (9) को पवेलियन भेजकर मेहमान टीम को शुरुआती झटके दिए। अर्शदीप ने पूरे मुकाबले में शानदार लय बरकरार रखी और चार विकेट अपने नाम किए। हालांकि, पावरप्ले के दौरान भारतीय क्षेत्ररक्षकों से कुछ गलतियां भी हुईं, लेकिन बाद में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने अपनी फुर्ती से इसकी भरपाई कर दी।
गुरनूर-अंशुल ने भी दिखाया दम
गुरनूर बरार ने सेइफर्ट (38) का अहम विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी को बड़ा झटका दिया। इसके बाद रोहित शर्मा ने शानदार डाइव लगाकर डेरिल मिचेल (28) को रनआउट किया। यह मुकाबले के सबसे चर्चित पलों में से एक रहा।गुरनूर ने अपने अगले ओवर में टॉम लैथम (3) का अपनी ही गेंद पर शानदार कैच पकड़कर सभी को प्रभावित किया। इस तरह न्यूजीलैंड ने 97 रन के भीतर अपने पांच विकेट गंवा दिए। वहीं, अंशुल कंबोज ने भी अपनी गेंदबाजी से खास छाप छोड़ी। उन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में महज 22 रन देकर दो विकेट हासिल किए। मिचेल सैंटनर (4) और नाथन स्मिथ (1) को पवेलियन भेजकर उन्होंने न्यूजीलैंड की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
अर्शदीप ने फिर किया वार, फिलिप्स भी नहीं बच सके
न्यूजीलैंड की पारी को संभालने की कोशिश कर रहे ग्लेन फिलिप्स ने कुछ देर तक भारतीय गेंदबाजों का सामना किया। उन्होंने 51 गेंदों में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। लेकिन अर्शदीप सिंह ने उनका विकेट लेकर इस साझेदारी और उम्मीद पर भी विराम लगा दिया। इसके अलावा अर्शदीप ने काइल जैमीसन (1) को भी अपना शिकार बनाया। गुरनूर ने भी एक और विकेट हासिल किया। इस तरह भारतीय गेंदबाजों ने मिलकर न्यूजीलैंड की पूरी टीम को 185 रनों पर समेट दिया।
न्यूजीलैंड के लिए मुश्किल संकेत
घरेलू मैदान पर शुरुआती पांच विकेट 100 रन से कम के स्कोर पर गंवाना न्यूजीलैंड के लिए चिंता का विषय रहा। पिछले 10 वर्षों में ऐसा नौवीं बार हुआ है। इससे पहले के आठ मौकों में न्यूजीलैंड को सात बार हार का सामना करना पड़ा था। उसका एकमात्र अपवाद 2022 में नीदरलैंड के खिलाफ मिली जीत थी। पहले वनडे में भारतीय गेंदबाजों ने जिस तरह एकजुट होकर प्रदर्शन किया, उसने टीम की ताकत दिखा दी है। अब सबकी नजरें भारतीय बल्लेबाजों पर हैं कि वे इस शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन को जीत में कितनी आसानी से बदल पाते हैं।


