मुंबई : मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन एक बार फिर तकनीकी खराबी के कारण प्रभावित हुई। कुछ दिन पहले ही मध्य रेलवे के ठाणे-मुलुंड के बीच सिग्नल सिस्टम में खराबी आने से लोकल सेवा बाधित हुई थी। अब हार्बर लाइन पर ओवरहेड वायर में आई तकनीकी खराबी ने यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दीं। शनिवार सुबह काम पर जाने वाले और अपने जरूरी कामों के लिए घर से निकले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार, 31 अक्टूबर को मुंबई की हार्बर लाइन पर ओवरहेड वायर पर कपड़ा गिरने के कारण लोकल ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसके चलते पनवेल से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) के बीच चलने वाली ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। अचानक रेल सेवा रुकने से यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में देरी हुई और स्टेशनों पर भी असुविधा का माहौल रहा।
आधे घंटे बाद सामान्य हुई रेल सेवा
ओवरहेड वायर पर कपड़ा गिरने के कारण हार्बर लाइन पर करीब आधे घंटे तक लोकल सेवा बाधित रही। इस दौरान रेलवे प्रशासन की ओर से तकनीकी समस्या को दूर करने का काम किया गया। इसके बाद ट्रेनों की आवाजाही दोबारा शुरू कर दी गई और रेल सेवा धीरे-धीरे सामान्य हो गई। मुंबई में लाखों लोग रोजाना लोकल ट्रेन से सफर करते हैं। ऐसे में तकनीकी खराबी के कारण कुछ देर के लिए भी सेवा बाधित होना यात्रियों की दिनचर्या को प्रभावित कर देता है। एक बार फिर लोकल सेवा में आई रुकावट ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी।


