बॉलीवुड में एक बार फिर 90 के दशक की यादें ताजा होने वाली हैं। संजय दत्त की चर्चित फिल्म ‘खलनायक’ के सीक्वल ‘खलनायक रिटर्न्स’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ रही है। अब इस फिल्म से सलमान खान का नाम भी जुड़ने की चर्चा है। खबरों के मुताबिक, फिल्म में सलमान खान एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में नजर आ सकते हैं। अगर ऐसा होता है तो पर्दे पर संजय दत्त और सलमान खान की टक्कर देखना दर्शकों के लिए काफी दिलचस्प होगा।
साल 1993 में रिलीज हुई फिल्म ‘खलनायक’ का निर्देशन सुभाष घई ने किया था। संजय दत्त के दमदार अभिनय और फिल्म के लोकप्रिय गानों ने इसे दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई। यही वजह है कि करीब 33 साल बाद इसके सीक्वल की घोषणा ने एक बार फिर पुरानी यादें ताजा कर दी हैं। कुछ महीने पहले संजय दत्त ने ‘खलनायक रिटर्न्स’ की पहली झलक साझा करते हुए फिल्म की आधिकारिक घोषणा की थी।
इस बार फिल्म के निर्देशन की जिम्मेदारी सुभाष घई नहीं संभालेंगे, बल्कि वह क्रिएटिव कंसल्टेंट के तौर पर जुड़े रहेंगे। बताया जा रहा है कि उन्होंने लेखकों की टीम के साथ मिलकर कहानी और किरदारों की योजना तैयार की है। फिलहाल फिल्म की कास्टिंग और स्क्रिप्ट पर काम जारी है।
सलमान खान के किरदार में होगा बड़ा ट्विस्ट!
फिल्म को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, सलमान खान के लिए एक पुलिस अधिकारी का किरदार तैयार किया जा रहा है। यह अधिकारी ईमानदार होगा और कहानी में उसकी भूमिका काफी अहम रहने वाली है। दिलचस्प बात यह है कि उसका किरदार संजय दत्त के खलनायक वाले किरदार का समर्थन करता नजर आएगा। ऐसे में दोनों कलाकारों को एक साथ पर्दे पर देखना फिल्म का बड़ा आकर्षण बन सकता है। सलमान खान इससे पहले सुभाष घई के साथ फिल्म ‘युवराज’ में काम कर चुके हैं। ऐसे में एक बार फिर दोनों के साथ आने की संभावना को लेकर भी चर्चा तेज है।
सुभाष घई ने क्या कहा?
फिल्म में सलमान खान की एंट्री को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सुभाष घई ने फिलहाल कोई पक्की पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, क्योंकि स्क्रिप्ट पर काम चल रहा है। पूरी स्क्रिप्ट तैयार होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल सलमान खान की कास्टिंग को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। लेकिन अगर भाईजान इस फिल्म का हिस्सा बनते हैं, तो ‘खलनायक रिटर्न्स’ में संजय दत्त और सलमान खान की जोड़ी दर्शकों के लिए बड़ा सरप्राइज साबित हो सकती है।


