नागपुर : नेशनल इंडियन अकादमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) का वार्षिक चुनाव 18 से 25 अक्टूबर के बीच देशभर में संपन्न हुआ। इस चुनाव में देश के लगभग 44 हजार बाल रोग विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। चुनाव में नागपुर के वरिष्ठ एवं सुप्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गिरीश विजया प्रल्हाद चरडे ने भारी मतों से जीत हासिल की। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य के रूप में चुना गया है। उनकी इस उपलब्धि से नागपुर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है।
डॉ. चरडे पिछले 20 वर्षों से नागपुर में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे रामदासपेठ स्थित न्यू हेल्थ सिटी हॉस्पिटल के निदेशक भी हैं। चिकित्सा सेवा के साथ ही वे विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों में सक्रिय हैं। चुनाव में जीत के बाद डॉ. चरडे ने कहा कि वे नागपुर, विदर्भ और महाराष्ट्र के बच्चों में होने वाली विभिन्न बीमारियों पर शोध तथा शैक्षणिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह अभूतपूर्व जीत राज्य के बाल रोग विशेषज्ञों के सहयोग, स्नेह और एकजुटता का परिणाम है।
डॉ. चरडे ने सभी डॉक्टरों के विश्वास पर खरा उतरने और उनके सहयोग से स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा तथा शोध के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने जनजागृति के लिए नशामुक्त महाराष्ट्र अभियान को बढ़ावा देने तथा डॉक्टरों पर होने वाले हमलों को रोकने की दिशा में पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर काम करने की बात कही। इसके साथ ही डॉक्टरों के लिए आत्मरक्षा कार्यशालाओं के आयोजन की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. चरडे की इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की। नागपुर के प्रख्यात बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. उदय बोधनकर, आईएपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वसंत खलतकर, मेडिकल के अधिष्ठाता डॉ. अविनाश गावंडे, डॉ. संजय मराठे, डॉ. प्रवीण पागे, नागपुर आईएपी के वर्तमान अध्यक्ष डॉ. संदीप मोगरे, सचिव निरव पटेल, कोषाध्यक्ष डॉ. मुस्तफा अली और डॉ. मोहिब हक सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. चरडे को शुभकामनाएं दीं।


