नागपूर,प्रणय डाबरे (प्रतिनिधि) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता जागरूकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में कंपनी के निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) श्री बिक्रम घोष, निदेशक (तकनीकी/परिचालन एवं योजना) डॉ. अंजनी कुमार तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ. हेमंत शरद पांडे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों को अपने कार्यों का आधार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की समृद्धि में योगदान देने के लिए कार्यस्थल पर सतर्कता के प्रति सदैव सजग रहना आवश्यक है। प्रत्येक दायित्व का निर्वहन सकारात्मक दृष्टिकोण, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
उन्होंने सभी से अपने आचरण एवं कार्यप्रणाली में उच्च नैतिक मानदंडों का पालन करने तथा सत्यनिष्ठा को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने की अपील की। मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय मधुकर म्हेत्रे ने अपने संबोधन में कार्यप्रणाली में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने की दिशा में वेकोलि द्वारा किए जा रहे डिजिटल प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा विकसित विभिन्न डिजिटल पोर्टल्स के माध्यम से कार्यों में मैन्युअल हस्तक्षेप कम हुआ है। इससे प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग को सुशासन एवं भ्रष्टाचार-मुक्त कार्यप्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की थीम पर आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 के अंतर्गत वेकोलि मुख्यालय एवं विभिन्न क्षेत्रों में विविध कार्यक्रमों और गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इन पहलों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, नैतिकता, पारदर्शिता और जवाबदेही के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।


