नागपुर-वर्धा में महावितरण के ‘सेवा सेतु’ अभियान को मिला बड़ा प्रतिसाद, 24.27 मेगावॉट सौर ऊर्जा तैयार

366 जगहों पर लगे शिविर, 25 हजार से ज्यादा शिकायतों का समाधान; हजारों घरों तक पहुंची सौर ऊर्जा

नागपुर :  बिजली बिल में गड़बड़ी हो या खराब मीटर की परेशानी, ऐसी समस्याओं के समाधान के लिए उपभोक्ताओं को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। लेकिन नागपुर और वर्धा जिले में महावितरण के ‘सेवा सेतु’ और ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत उपभोक्ताओं की समस्याओं को मौके पर ही हल करने की कोशिश की गई। इस अभियान के अंतर्गत 366 स्थानों पर शिविर लगाए गए, जिनमें 3,476 से अधिक नागरिकों ने पहुंचकर विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया।

नागपुर परिमंडल के मुख्य अभियंता राजेश नाईक के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य उपभोक्ताओं को समय पर बिजली संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराना और स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा देना था। इसके लिए महावितरण के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीधे उपभोक्ताओं से संपर्क कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान की दिशा में काम किया।

सौर ऊर्जा की ओर बढ़े उपभोक्ताओं के कदम

बिजली बिल में राहत के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी लोगों की रुचि बढ़ रही है। अभियान के दौरान केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ और राज्य की रूफटॉप सोलर योजना को अच्छा प्रतिसाद मिला।

नागपुर परिमंडल में सौर ऊर्जा के लिए कुल 7,435 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। इनमें से 6,044 उपभोक्ताओं के घरों पर सौर ऊर्जा प्रणाली लगाई गई। इसमें नागपुर जिले के 5,180 और वर्धा जिले के 864 उपभोक्ता शामिल हैं। वहीं, 5,400 उपभोक्ताओं की नेट मीटरिंग प्रक्रिया पूरी कर उन्हें बिलिंग प्रणाली से जोड़ा गया है। इससे परिमंडल में 24.27 मेगावॉट क्षमता की सौर ऊर्जा तैयार हो रही है। शिविरों में बैंक प्रतिनिधियों और सोलर विक्रेताओं की मौजूदगी से उपभोक्ताओं को पंजीकरण और कर्ज प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी भी आसानी से मिली।

 27 हजार से ज्यादा शिकायतें, 25 हजार का निपटारा

बिजली उपभोक्ताओं की रोजमर्रा की परेशानियों को दूर करना इस अभियान का प्रमुख हिस्सा रहा। महावितरण के अनुसार, परिमंडल में लंबित 27,809 शिकायतों में से 25,704 का निपटारा किया गया। इनमें गलत बिजली बिलों को ठीक करना, खराब मीटर बदलना, उपभोक्ताओं के नाम में सुधार और नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने जैसे काम शामिल रहे। किसानों के कृषि सौर पंपों से जुड़ी समस्याओं को भी प्राथमिकता से हल करने का प्रयास किया गया।

 स्कूलों और गांवों में बिजली सुरक्षा का संदेश

अभियान केवल शिकायतों के समाधान तक सीमित नहीं रहा। नागपुर और वर्धा जिलों के स्कूलों तथा कॉलेजों में विद्यार्थियों को बिजली बचत और विद्युत सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। गांवों में किसानों और ग्रामीणों को कैपेसिटर बैंक के उपयोग तथा बिजली दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों के बारे में प्रात्यक्षिकों के माध्यम से समझाया गया। त्रिमूर्तिनगर उपविभाग में आयोजित शिविर का आरईसी (REC) के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी दौरा किया और पहल की सराहना की। महावितरण के इस अभियान के जरिए उपभोक्ताओं की समस्याओं को करीब से समझने, सेवाओं को आसान बनाने और बिजली विभाग तथा नागरिकों के बीच भरोसा मजबूत करने की कोशिश की गई।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

डॉ. गिरीश चरडे की नेशनल इंडियन अकादमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चयन

नागपुर : नेशनल इंडियन अकादमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (IAP) का वार्षिक चुनाव 18 से 25 अक्टूबर के बीच देशभर में संपन्न हुआ। इस चुनाव में देश के लगभग 44 हजार बाल…

वेकोलि में सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ

नागपूर,प्रणय डाबरे (प्रतिनिधि) : वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (वेकोलि) में सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर वेकोलि के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक डॉ.…