नागपुर : शहर में हुक्का पार्लर की गतिविधियों पर नजर रखते हुए अपराध शाखा की सामाजिक सुरक्षा टीम ने अंबाझरी क्षेत्र के नाइन लाउंज हुक्का पार्लर पर छापा मारा। मंगलवार, 13 अक्टूबर की रात हुई इस कार्रवाई में पार्लर के मालिक, मैनेजर, कर्मचारी और 10 ग्राहक समेत कुल 13 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया। कार्रवाई के दौरान पार्लर में हुक्का पीने की व्यवस्था मिली। पुलिस की टीम को देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई।
कई महीनों से चल रहा था पार्लर
गांधीनगर हिल रोड पर स्थित नाइन लाउंज हुक्का पार्लर पिछले कई महीनों से शुरू होने की चर्चा थी। बताया जा रहा था कि यहां हुक्का पीने के लिए देर रात तक युवक-युवतियों की भीड़ जुटती थी। इसी जानकारी के आधार पर अपराध शाखा की सामाजिक सुरक्षा टीम ने मंगलवार रात पार्लर में छापा मारा।
पुलिस को देखते ही मची भगदड़
पुलिस की कार्रवाई शुरू होते ही पार्लर में मौजूद लोगों के बीच हलचल मच गई। कुछ लोगों ने वहां से भागने की कोशिश की, जबकि कुछ कोनों में छिपने लगे। हालांकि, पुलिस ने बाहर निकलने के रास्ते बंद कर दिए, जिससे सभी लोग अंदर ही पकड़ में आ गए। इस कार्रवाई में पार्लर के मालिक अभिषेक शिखरचंद जैन (41), मैनेजर वानखेडे, कर्मचारी रुपेश कृर और 10 ग्राहक समेत कुल 13 लोगों को हिरासत में लिया गया।
हुक्का पॉट और फ्लेवर्स जब्त
पुलिस ने पार्लर से हुक्का पॉट, हुक्का फ्लेवर्स और हुक्का पीने के लिए इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री जब्त की। रात करीब 10:30 बजे तक कार्रवाई जारी रही। पुलिस उपायुक्त दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में सामाजिक सुरक्षा दल के पुलिस निरीक्षक दर्शन पाटील और उनकी टीम ने यह कार्रवाई की।


