‘रामायण’ का नाम आते ही आज भी कई लोगों के मन में अरुण गोविल का चेहरा और उनका निभाया भगवान राम का किरदार याद आ जाता है। एक पूरी पीढ़ी के लिए राम की छवि बन चुके अरुण गोविल अब एक बार फिर ‘रामायण’ की दुनिया में लौट रहे हैं। इस बार वह भगवान राम नहीं, बल्कि उनके पिता और अयोध्या के राजा दशरथ की भूमिका में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही फिल्म ‘रामायण’ से अरुण गोविल का राजा दशरथ के रूप में पहला लुक सामने आ गया है। निर्माताओं ने उनका खास पोस्टर जारी किया है, जिसमें वह अयोध्या के राजा दशरथ के रूप में सिंहासन पर बैठे नजर आ रहे हैं। उनके इस शाही अंदाज को दर्शकों की ओर से काफी पसंद किया जा रहा है।
अरुण गोविल का राजा दशरथ के रूप में नजर आना इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने इससे पहले भगवान राम की भूमिका निभाकर लोगों के दिलों में एक अलग जगह बनाई थी। ऐसे में अब उसी कलाकार को राम के पिता के किरदार में देखना दर्शकों के लिए भावनात्मक रूप से भी खास अनुभव होने वाला है। निर्माताओं ने पोस्टर साझा करते हुए लिखा, “एक पीढ़ी के लिए वह राम बने। अब वह ‘रामायण’ की दुनिया में अयोध्या के राजा के रूप में लौटे हैं। राजा दशरथ के रूप में अरुण गोविल।”
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। ‘रामायण’ का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज के तहत किया जा रहा है। इसके साथ डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस भी फिल्म के निर्माण में सहयोग कर रही हैं। यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म हिंदी के साथ तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज होगी। अब अरुण गोविल को राजा दशरथ के किरदार में देखने के लिए दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।


