प्रणवी उर्स ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बनीं

तीन शॉट की बढ़त गंवाने के बाद भी नहीं टूटा हौसला, आखिरी दौर में संभलकर दर्ज की ऐतिहासिक जीत

एशियन गेम्स 2026 में भारतीय गोल्फ के लिए शनिवार का दिन इतिहास में दर्ज हो गया। 23 वर्षीय प्रणवी उर्स ने शानदार जुझारूपन दिखाते हुए महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके साथ ही वह एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला गोल्फर बन गईं।

प्रणवी ने चार दौर की प्रतियोगिता 15 अंडर 265 के स्कोर के साथ पूरी की। उन्होंने सिंगापुर की शैनन जुआन यिन टैन और चीन की यिन रुओनिंग को एक शॉट से पीछे छोड़ा। दोनों 14 अंडर 266 के स्कोर पर रहीं। शूट-ऑफ के बाद यिन रुओनिंग ने रजत पदक हासिल किया। अंतिम दौर की शुरुआत प्रणवी ने तीन शॉट की बढ़त के साथ की थी, लेकिन तीसरे होल पर ट्रिपल बोगी के बाद उनकी बढ़त पूरी तरह खत्म हो गई। यहां से मुकाबला उनके लिए आसान नहीं था। हालांकि, छठे होल पर बर्डी के बाद उन्होंने खुद को संभाला और आखिरी हिस्से में धैर्य बनाए रखा। उन्होंने अंतिम दौर में ईवन-पार 70 का स्कोर बनाया और ऐतिहासिक स्वर्ण पर कब्जा जमाया।

प्रणवी की इस जीत ने भारत के 24 साल के इंतजार को भी खत्म किया। एशियन गेम्स में भारत ने इससे पहले पुरुष व्यक्तिगत गोल्फ में 2002 के बुसान खेलों में शिव कपूर के जरिए स्वर्ण जीता था। प्रणवी ने व्यक्तिगत स्वर्ण के साथ एक और पदक भी भारत की झोली में डाला। उन्होंने अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ मिलकर महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। यह एशियन गेम्स में महिला टीम गोल्फ में भारत का पहला पदक है। टीम स्पर्धा में भारत ने चार दौर में 14 अंडर 546 का स्कोर बनाया, जबकि चीन 22 अंडर 538 के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहा। चीनी ताइपे ने कांस्य पदक हासिल किया।

व्यक्तिगत स्पर्धा में अदिति अशोक ने शनिवार को अपना सर्वश्रेष्ठ दौर खेलते हुए तीन अंडर 67 का स्कोर बनाया और कुल दो ओवर 282 के साथ 14वें स्थान पर रहीं। वहीं, दीक्षा डागर पांच ओवर 285 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 18वें स्थान पर रहीं। प्रणवी उर्स के लिए यह सिर्फ एक स्वर्ण पदक नहीं, बल्कि भारतीय महिला गोल्फ के लिए एक नई उपलब्धि की शुरुआत भी है। तीन शॉट की बढ़त गंवाने के बाद जिस तरह उन्होंने दबाव से वापसी की, उसने उनकी इस जीत को और खास बना दिया।

लोकतंत्र मिरर

लोकतंत्र मिरर जनता का भरोसेमंद न्यूज चैनल 📍 महाराष्ट्र | पूरे भारत की खबरें ⚡ राजनीति | व्यापार | मनोरंजन | खेल | ताजा अपडेट 📢 ब्रांड प्रमोशन/ विज्ञापन के लिए संपर्क करे: 📞 9545924968/7758043733

Related Posts

वैभव सूर्यवंशी के छोटे भाई आशीर्वाद ने मचाया धमाल! 119 गेंदों में ठोक दिए 168 रन

क्रिकेट की दुनिया में वैभव सूर्यवंशी का नाम आज किसी पहचान का मोहताज नहीं है। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से बड़े-बड़े गेंदबाजों के पसीने छुड़ाने वाले वैभव के बाद अब उनके…

जिंतिमणि कलिता का टीम इंडिया में डेब्यू, हरमनप्रीत कौर ने सौंपी खास कैप

भारतीय महिला क्रिकेट टीम में एक नए चेहरे की एंट्री हुई है। आसाम की युवा क्रिकेटर जिंतिमणि कलिता ने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे मुकाबले से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा…