गांधी जयंती के मौके पर आज, 2 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में कारोबार पूरी तरह बंद है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर इक्विटी, डेरिवेटिव्स और एसएलबी समेत सभी सेगमेंट में आज ट्रेडिंग नहीं होगी। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) भी आज सुबह और शाम, दोनों सत्रों में बंद रहेगा।
शेयर बाजार के लिए यह लगातार तीन दिनों की छुट्टी है। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कारण बाजार बंद है, जबकि 3 और 4 अक्टूबर को शनिवार और रविवार होने के चलते नियमित वीकेंड अवकाश रहेगा। ऐसे में अब BSE और NSE में कारोबार सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को फिर से शुरू होगा।
अक्टूबर महीने में गांधी जयंती के बाद 20 अक्टूबर को दशहरे के अवसर पर भी शेयर बाजार बंद रहेगा। सामान्य कारोबारी दिनों में भारतीय शेयर बाजार सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक खुलता है। वहीं, प्री-ओपन सेशन सुबह 9 बजे से 9:15 बजे तक होता है। इससे पहले 1 अक्टूबर को बाजार में लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 570.59 अंक यानी 0.79 फीसदी गिरकर 71,909.70 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 198.50 अंक यानी 0.88 फीसदी की गिरावट के साथ 22,421.95 पर पहुंच गया।


