Apple Pay Launch in India : Apple ने आखिरकार भारत में अपनी बहुप्रतीक्षित डिजिटल पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है। शुरुआत में Axis Bank के चुनिंदा क्रेडिट कार्ड्स को इससे जोड़ा गया है।
करीब 12 साल के लंबे इंतजार के बाद Apple Pay ने भारत में दस्तक दे दी है। Apple ने बुधवार को देश में अपनी Tap-to-Pay सुविधा आधिकारिक तौर पर शुरू की। यह सर्विस पहली बार अमेरिका में सितंबर 2014 में लॉन्च हुई थी। अब भारतीय यूजर्स भी अपने Apple डिवाइस के जरिए दुकानों पर पेमेंट कर सकेंगे।
फिलहाल Axis Bank के कार्ड्स से शुरुआत
भारत में Apple Pay की शुरुआत फिलहाल Axis Bank के साथ हुई है। शुरुआती चरण में बैंक के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड Apple Pay में जोड़े जा सकेंगे। यानी अभी सभी बैंकों के कार्ड इस सुविधा के लिए उपलब्ध नहीं हैं।
iPhone और Apple Watch से होगा पेमेंट
Apple Pay के जरिए दुकान पर पेमेंट करने के लिए कार्ड या कैश निकालने की जरूरत नहीं होगी। यूजर अपने iPhone, iPad या Apple Watch से NFC-सक्षम POS मशीन पर टैप करके भुगतान कर सकेंगे। कंपनी के मुताबिक, भविष्य में यह सुविधा Mac डिवाइस के लिए भी उपलब्ध कराई जाएगी। खास बात यह है कि हर ट्रांजैक्शन के दौरान कार्ड का PIN या OTP अलग से दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी। पेमेंट की सुरक्षा Apple की डिवाइस सिक्योरिटी सिस्टम के जरिए की जाएगी।
दुकानदार को नहीं दिखेगा असली कार्ड नंबर
Apple Pay में ग्राहक का वास्तविक कार्ड नंबर डिवाइस या Apple के सर्वर पर सेव नहीं किया जाता। इसके बजाय Device Account Number (DAN) बनाया जाता है, जिसे डिवाइस की Secure Element चिप में सुरक्षित और एन्क्रिप्टेड तरीके से स्टोर किया जाता है। पेमेंट के दौरान वास्तविक कार्ड नंबर दुकानदार के साथ शेयर नहीं होता।
Apple नहीं रखता ट्रांजैक्शन की जानकारी
कंपनी के अनुसार, Apple Pay से किए गए ट्रांजैक्शन की जानकारी Apple अपने पास स्टोर नहीं करता। यह जानकारी ग्राहक, व्यापारी और कार्ड जारी करने वाले बैंक या वित्तीय संस्था के बीच रहती है। Apple के मुताबिक, भारत में लॉन्च के बाद Apple Pay अब दुनिया के 90 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध हो गया है। इस सर्विस से दुनियाभर में 11,000 से अधिक बैंक और पेमेंट नेटवर्क पार्टनर जुड़े हुए हैं।
Apple Pay में Axis Bank कार्ड कैसे जोड़ें?
अगर आपके पास Axis Bank का पात्र Visa या Mastercard क्रेडिट कार्ड है, तो इसे Apple Pay में जोड़ा जा सकता है। इसके लिए Axis Bank के लेटेस्ट ऐप वर्जन से कार्ड को सीधे Apple Wallet में ऐड किया जा सकता है। इसके अलावा iPhone में Apple Wallet खोलकर ‘+’ विकल्प पर क्लिक करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। कार्ड जुड़ने के बाद NFC-सक्षम POS मशीन वाले स्टोर पर Apple डिवाइस को टैप करके पेमेंट किया जा सकेगा।
अभी सीमित कार्ड्स से शुरुआत
भारत में Apple Pay की शुरुआत फिलहाल Axis Bank के Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड्स से हुई है। ऐसे में सभी बैंक कार्ड यूजर्स अभी इस सुविधा का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। आने वाले समय में अन्य बैंकों और कार्ड नेटवर्क के जुड़ने की उम्मीद है।


