जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों को आतंकवाद विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। मध्य कश्मीर के बडगाम जिले के यूसमर्ग और दूधपथरी के जंगल क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े मोस्ट वॉन्टेड आतंकी सुलेमान शाह उर्फ ‘मूसा’ को मार गिराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार रात राष्ट्रीय राइफल्स और अन्य सुरक्षा बलों ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया था।
बताया गया कि मूसा पिछले कुछ वर्षों से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। अधिकारियों के अनुसार, पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला के दोनों ओर हुए कई आतंकी हमलों में उसकी भूमिका रही थी। इसी वजह से सुरक्षा बल उसकी तलाश में लगातार अभियान चला रहे थे। भारतीय सेना की जानकारी के मुताबिक, कोराग और यूसमर्ग इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को संदिग्ध गतिविधियां नजर आईं। इसके बाद आतंकियों की ओर से फायरिंग शुरू हुई और सुरक्षा बलों तथा आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। कार्रवाई के दौरान एक आतंकी मारा गया, जिसकी पहचान सुलेमान शाह उर्फ ‘मूसा’ के तौर पर की गई। दूधपथरी के घने जंगलों में हुई इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान जारी रखा। जवान यह पता लगाने में जुटे रहे कि कहीं और आतंकी छिपे तो नहीं हैं।
पहले भी बच निकला था मूसा
इस महीने की शुरुआत में यूसमर्ग के पहाड़ी इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान मूसा मौके से बच निकलने में कामयाब रहा था। हालांकि, उसका करीबी साथी यासिर 5 सितंबर को हुई मुठभेड़ में मारा गया था। इसके बाद सुरक्षा बलों ने मूसा की तलाश और तेज कर दी थी। अब बडगाम के यूसमर्ग इलाके में हुई कार्रवाई में मूसा के मारे जाने की जानकारी सामने आई है। सुरक्षा बलों के लिए यह कार्रवाई लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का अहम हिस्सा मानी जा रही है।


