पालघर : महाराष्ट्र के पालघर जिले के वाडा इलाके में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। टीना रबर कंपनी के स्टोररूम की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त तीन कामगार दीवार के पास बैठकर नाश्ता कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से तीनों उसके मलबे के नीचे दब गए और उनकी मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही वाडा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों की पहचान केशव गुंगुणा, रंजना कोंब और मीरा गवळी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों कामगार रोज की तरह काम के दौरान स्टोररूम के पास बैठकर नाश्ता कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दीवार गिरने से उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। दीवार अचानक किस वजह से गिरी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। मामले में स्थानीय पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।


