जयपुर के सीतापुरा बालाजी मार्केट इलाके में मंगलवार रात मर्सिडीज कंपनी के अधिकृत वर्कशॉप में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि वर्कशॉप का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में मरम्मत के लिए आई करीब 8 महंगी मर्सिडीज कारें पूरी तरह जल गईं। इसके अलावा वाहनों के स्पेयर पार्ट्स और एक्सेसरीज भी आग की भेंट चढ़ गईं।
आग की लपटें और धुएं का गुबार करीब 5 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए इलाके की बिजली आपूर्ति भी तुरंत बंद कर दी गई।
दो घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जवानों ने दो दर्जन से अधिक फेरे लगाकर लगातार पानी की बौछार की। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
वर्कशॉप में खड़ी थीं 50 से ज्यादा कारें
सबसे बड़ी चिंता इस बात की थी कि आग लगने के समय वर्कशॉप के अंदर नई और पुरानी मिलाकर 50 से ज्यादा लग्जरी कारें खड़ी थीं। आग तेजी से फैल रही थी, ऐसे में इन सभी कारों के इसकी चपेट में आने का खतरा था। हालांकि दमकलकर्मियों और पुलिस की सतर्कता से कई कारों को समय रहते वर्कशॉप से बाहर निकाल लिया गया। इससे एक बड़े आर्थिक नुकसान को टालने में मदद मिली।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने का शुरुआती अनुमान
फायर ऑफिसर उषा शर्मा के मुताबिक, 10 दमकल वाहनों की मदद से आग पर नियंत्रण पाया गया। वहीं सांगानेर सदर थाने के पुलिसकर्मी कमलेश शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका सामने आई है। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का सही आंकड़ा फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही है कि वर्कशॉप में मौजूद कई महंगी गाड़ियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


