दिल्ली और वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाएं तेज हैं। दावा किया जा रहा है कि नई दिल्ली और वाराणसी के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की योजना बनाई जा रही है। इतना ही नहीं, इस ट्रेन का संभावित टाइमटेबल भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
8 घंटे में दिल्ली से वाराणसी का सफर?
सोशल मीडिया पर वायरल जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी कैंट से रात 9:20 बजे रवाना हो सकती है। इसके बाद ट्रेन प्रयागराज पहुंचेगी, जहां रात 9:45 बजे पहुंचने और करीब 5 मिनट रुकने की बात कही जा रही है। इसके बाद ट्रेन कानपुर के लिए रवाना होगी और रात 12:35 बजे वहां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद ट्रेन अगले दिन सुबह करीब 5 बजे नई दिल्ली पहुंच सकती है। यानी वाराणसी से नई दिल्ली के बीच करीब 8 घंटे में सफर पूरा करने का दावा किया जा रहा है। ट्रेन की अधिकतम गति 130 से 160 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच होने की बात भी कही जा रही है।
अभी चल रही हैं दो वंदे भारत ट्रेनें
दिल्ली-वाराणसी रूट पर फिलहाल दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं। दोनों ट्रेनें चेयर कार श्रेणी की हैं। इनमें से एक ट्रेन सुबह करीब 5 बजे और दूसरी दोपहर करीब 12 बजे रवाना होती है। ऐसे में स्लीपर वंदे भारत शुरू होने की चर्चा से रात में सफर करने वाले यात्रियों की उम्मीदें बढ़ी हैं।
रेलवे की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार
हालांकि, इस पूरी खबर में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि रेल मंत्रालय या उत्तर रेलवे की ओर से दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल टाइमटेबल को भी आधिकारिक शेड्यूल नहीं माना जा सकता। ऐसे में यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा। फिलहाल वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जरूर तेज है, लेकिन ट्रेन कब शुरू होगी, इसका वास्तविक समय क्या होगा और किन स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा, इसकी तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।


