सलमान खान की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मातृभूमि’ इन दिनों एक बार फिर चर्चा में है। फिल्म की रिलीज डेट को लेकर पहले ही बदलाव हो चुका है और अब तक नई रिलीज डेट सामने नहीं आई है। इसी बीच फिल्म को लेकर एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जो सलमान खान के फैंस की बेचैनी बढ़ा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) के सामने अभी तक फिल्म की स्क्रीनिंग नहीं हुई है।
कुछ दिनों पहले खबर सामने आई थी कि ‘मातृभूमि’ को CBFC के सामने स्क्रीनिंग के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड के सदस्य फिल्म देखने के बाद रिलीज के लिए प्रमाणपत्र देंगे, ऐसी जानकारी सामने आई थी। लेकिन अब बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म की सेंसर प्रक्रिया अभी तय दिशा में आगे नहीं बढ़ पाई है।
अभी तक नहीं हुई फिल्म की स्क्रीनिंग
रिपोर्ट के अनुसार, सेंसर बोर्ड के सदस्यों ने अभी तक ‘मातृभूमि’ नहीं देखी है। फिल्म की स्क्रीनिंग कब होगी, इसे लेकर भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में फिल्म की रिलीज को लेकर स्थिति अभी भी साफ नहीं है। फिल्म की रिलीज में देरी के पीछे चीन से जुड़े विषय को एक वजह बताया जा रहा है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म को सेंसर की मंजूरी दिलाने के लिए निर्माता कई सरकारी अधिकारियों से संपर्क कर रहे हैं। निर्माताओं को उम्मीद है कि जल्द ही इस मामले का रास्ता निकलेगा।
गलवान संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बनी है फिल्म
अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि’ की कहानी 2020 में लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन के सैनिकों के बीच हुए सैन्य संघर्ष की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। फिल्म में दिखाए गए कुछ तथ्यों और सबूतों से जुड़े मुद्दों की वजह से सेंसर प्रक्रिया में देरी होने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ‘मातृभूमि’ को सेंसर बोर्ड की मंजूरी कब मिलेगी और सलमान खान की यह फिल्म दर्शकों तक कब पहुंचेगी। नई रिलीज डेट को लेकर भी अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए इस साल फिल्म के सिनेमाघरों में आने की संभावना कम हो सकती है।


