मुंबई : अक्षय कुमार और सैफ अली खान जैसे दो बड़े कलाकारों से सजी फिल्म ‘हैवान’ शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच उत्सुकता थी, लेकिन पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर इसका असर उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आया। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2016 की मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक है।
पहले दिन कितनी हुई कमाई?
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हैवान’ ने भारत में पहले दिन करीब 3 करोड़ रुपये की कमाई की है। दो बड़े सितारों की मौजूदगी को देखते हुए यह आंकड़ा काफी कम माना जा रहा है। हालांकि, अब फिल्म की नजर वीकेंड की कमाई पर है। आने वाले शनिवार और रविवार को दर्शकों की संख्या बढ़ने पर फिल्म के कलेक्शन में उछाल देखने को मिल सकता है।
बॉक्स ऑफिस पर सामने है कड़ी चुनौती
‘हैवान’ को सिनेमाघरों में दूसरी फिल्मों से भी मुकाबला करना पड़ रहा है। फिल्म के सामने ‘हनुमान अंश’ और पिछले सप्ताह रिलीज हुई ‘मिर्जापुर: द मूवी’ जैसी फिल्मों की चुनौती है। वहीं, फिल्म को समीक्षकों से मिली प्रतिक्रिया भी मिली-जुली रही है।
अक्षय कुमार का दिखा अलग अंदाज
‘हैवान’ में अक्षय कुमार को एक अलग तरह की भूमिका में देखा जा रहा है। प्रियदर्शन ने अक्षय को कॉमेडी फिल्मों से अलग अंदाज में पेश करने का फैसला किया। उनका मानना है कि हर फिल्म एक जैसी नहीं होनी चाहिए और इसी सोच के साथ उन्होंने अक्षय के साथ अलग भूमिका में काम किया।
असरानी की आखिरी फिल्म
‘हैवान’ इसलिए भी खास है क्योंकि यह दिवंगत वरिष्ठ अभिनेता असरानी की आखिरी फिल्मों में शामिल है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ बोमन ईरानी, श्रिया पिळगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ के अभिनेता मोहनलाल भी ‘हैवान’ में कैमियो करते नजर आए हैं। अब देखना यह होगा कि पहले दिन धीमी शुरुआत करने वाली ‘हैवान’ वीकेंड पर अपनी रफ्तार बढ़ा पाती है या नहीं।


