डोंबिवली : दूध हर घर की रोजमर्रा की जरूरत है। ऐसे में अगर यही दूध मिलावटी हो, तो सीधे लोगों की सेहत पर असर पड़ सकता है। डोंबिवली पश्चिम के भोईरवाड़ी इलाके में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 500 लीटर मिलावटी खुला दूध जब्त किया है। यह दूध सांगली से लाया गया था और इसे कल्याण-डोंबिवली की कई स्थानीय डेयरियों में बेचने के लिए पहुंचाया जाना था।
FDA के अधिकारियों को भोईरवाड़ी इलाके में बड़ी मात्रा में खुले दूध की संदिग्ध आवक की गुप्त जानकारी मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर छापा मारकर दूध की जांच की। कार्रवाई के दौरान संबंधित दूध विक्रेता के पास खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार जरूरी बिक्री लाइसेंस नहीं मिला। इसके अलावा दूध कहां से खरीदा गया था, इसका कोई वैध बिल भी मौजूद नहीं था। पूछताछ में सामने आया कि करीब 500 लीटर दूध सांगली से लाया गया था। इसे कल्याण और डोंबिवली क्षेत्र की कई स्थानीय डेयरियों में सप्लाई करने की तैयारी थी। ऐसे में समय रहते हुई कार्रवाई से यह दूध लोगों तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया।
FDA की टीम ने दूध के आधिकारिक नमूने लेकर उन्हें रासायनिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। वहीं, बाकी दूध को लोगों तक पहुंचने से रोकने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। मामले में संबंधित दूध विक्रेता के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक कानून के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट में दूध में किस तरह की मिलावट सामने आती है, इस पर नजर रहेगी


