अमेरिका में नवंबर में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी जनता के लिए बड़ा ऐलान किया है। ट्रंप ने कहा कि अगर चुनाव के बाद कांग्रेस के दोनों सदनों पर रिपब्लिकन पार्टी का नियंत्रण बरकरार रहता है, तो हर अमेरिकी वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर दिए जाएंगे। उन्होंने इस रकम को ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने डलास में रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन के दौरान यह घोषणा की। इस योजना पर अमेरिकी प्रशासन को करीब 1 ट्रिलियन डॉलर से भी ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। हालांकि, यह पैसा कहां से आएगा, इस पर ट्रंप ने कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने सिर्फ इतना दावा किया कि अमेरिका बड़े पैमाने पर कमाई कर रहा है।
चुनाव से पहले जनता को बड़ा भरोसा
ट्रंप के इस ऐलान को आगामी चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है। ईरान के खिलाफ युद्ध और बढ़ती महंगाई को लेकर अमेरिका में ट्रंप सरकार के प्रति असंतोष की चर्चा है। कई ओपिनियन पोल्स में उनकी अप्रूवल रेटिंग में गिरावट भी सामने आई है। ऐसे में 5,000 डॉलर देने का वादा मतदाताओं को आकर्षित करने की उनकी कोशिश माना जा रहा है।
ईरान पर कार्रवाई का भी किया बचाव
अपने भाषण में ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का भी जोरदार बचाव किया। उन्होंने कहा कि ईरान कुछ ही हफ्तों में परमाणु हथियार बना सकता था, इसलिए कार्रवाई करना जरूरी था। साथ ही उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे इस चुनाव को ऐसे समझें जैसे ट्रंप खुद चुनावी मैदान में हों और उसी आधार पर मतदान करें। ट्रंप का यह ऐलान अब अमेरिकी राजनीति में कितना असर डालता है और क्या 5,000 डॉलर का यह वादा मतदाताओं को अपने पक्ष में करने में सफल होगा, यह नवंबर के चुनाव के नतीजों से साफ होगा।


