भारत और जापान के बीच होने वाले ऐतिहासिक टी20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस का इंतजार अब और दिलचस्प हो गया है। 22 सितंबर को जापान के सानो इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। खास बात यह है कि दोनों देशों के बीच पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच के प्रसारण को लेकर पिछले कुछ दिनों से भारतीय क्रिकेट फैंस के बीच असमंजस बना हुआ था। शुरुआत में मुकाबला YouTube पर दिखाए जाने की चर्चा थी। लेकिन अब इसको लेकर तस्वीर साफ हो गई है।
स्टार स्पोर्ट्स पर होगा लाइव प्रसारण
भारत में इस मुकाबले के टीवी प्रसारण अधिकार JioStar ने हासिल किए हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट फैंस 22 सितंबर को भारत और जापान के बीच होने वाला मुकाबला Star Sports पर लाइव देख सकेंगे। यानी मैच देखने के लिए फैंस को अब YouTube पर स्ट्रीमिंग तलाशने की जरूरत नहीं होगी। टीवी पर भी इस ऐतिहासिक मुकाबले का सीधा आनंद लिया जा सकेगा।
जापान ने भी घोषित की टीम
भारत के खिलाफ होने वाले इस खास मुकाबले के लिए जापान क्रिकेट ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कमान केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग को सौंपी गई है। खास बात यह है कि यही टीम एशियाई खेलों के लिए भी चुनी गई है और भारत के खिलाफ मुकाबले में भी मैदान पर उतरेगी। जापान के टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
भारत के खिलाफ जापान की 15 सदस्यीय टीम
केन्डल कादोवाकी-फ्लेमिंग (कप्तान), चार्ली हारा-हिन्ज़े, बेंजामिन गो-इतो डेविस, कोहेई कुबोता, वातारू मियाउची, रेओ साकुरालो-थॉमस, डेक्लान सुजुकी-मैककॉम्ब, शोमा सुगाया-स्लेटर, अलेक्जेंडर शिराई-पटमोर, लाचलान यामामोतो-लेक, माकोतो तानियामा, इब्राहिम ताकाहाशी, त्सुयोशी ताकादा, जेक कुसुदा-नायेर्न और एलेस्टर कादोवाकी-फ्लेमिंग।
फैंस के लिए मुकाबला क्यों है खास?
भारत और जापान के बीच पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होने जा रहा है। इसलिए यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि दोनों देशों के क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय माना जा रहा है। अब प्रसारण को लेकर भी स्थिति साफ हो चुकी है। 22 सितंबर को क्रिकेट फैंस Star Sports पर भारत-जापान के इस ऐतिहासिक मुकाबले को लाइव देख सकेंगे।


