नई दिल्ली : भारतीय क्रिकेट टीम का IPL 2027 तक का इंटरनेशनल शेड्यूल बेहद व्यस्त रहने वाला है। BCCI के प्लान के मुताबिक इस दौरान टीम इंडिया 7 टेस्ट, 14 वनडे और 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलेगी। ऐसे में खिलाड़ियों के साथ-साथ क्रिकेट फैंस के लिए भी आने वाला समय काफी रोमांचक रहने वाला है।
टीम इंडिया जल्द ही अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में मैदान पर उतरेगी। यह सीरीज नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेली जाएगी। हालांकि, इस सीरीज से ज्यादा चर्चा भारतीय क्रिकेट के दो बड़े सितारों रोहित शर्मा और विराट कोहली को लेकर है। दोनों खिलाड़ी अब मुख्य रूप से वनडे क्रिकेट में नजर आते हैं और 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से भारत के बचे हुए हर वनडे मुकाबले का महत्व बढ़ गया है।
वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज
अफगानिस्तान के बाद भारतीय टीम वेस्टइंडीज की मेजबानी करेगी। 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच दोनों टीमों के बीच 3 वनडे और 5 टी20 मैच खेले जाएंगे। इसी दौरान श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी20 टीम एशियाई खेलों में भी हिस्सा लेगी। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रेयस के खेलने को लेकर स्थिति चुनौतीपूर्ण हो सकती है। वहीं, वनडे फॉर्मेट में रोहित शर्मा और विराट कोहली को देखने के लिए फैंस की नजरें इस सीरीज पर खास तौर पर रहेंगी।
न्यूजीलैंड दौरा होगा खास
इसके बाद टीम इंडिया न्यूजीलैंड के दौरे पर जाएगी। 22 अक्टूबर से 27 नवंबर तक चलने वाले इस दौरे पर भारत 2 टेस्ट, 5 वनडे और 5 टी20 मुकाबले खेलेगा। रोहित और विराट के फैंस के लिए यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि यह दोनों दिग्गजों का न्यूजीलैंड में आखिरी दौरा हो सकता है। इसी वजह से वनडे सीरीज को 3 मैचों से बढ़ाकर 5 मैचों का किया गया है।
दिसंबर-जनवरी में लगातार घरेलू मुकाबले
न्यूजीलैंड दौरे के बाद भारत में लगातार तीन टीमें आएंगी। सबसे पहले 13 से 27 दिसंबर तक श्रीलंका भारत दौरे पर रहेगी। इस दौरान 3 वनडे और 3 टी20 मैच खेले जाएंगे। इसके बाद 3 से 9 जनवरी 2027 के बीच जिम्बाब्वे की टीम भारत में 3 वनडे मैच खेलेगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 टेस्ट की बड़ी चुनौती
टीम इंडिया के इस पूरे शेड्यूल में सबसे ज्यादा नजरें ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे पर रहेंगी। 21 जनवरी से 27 फरवरी 2027 तक दोनों टीमों के बीच 5 टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण होगी। भारतीय टीम के लिए फाइनल की राह मजबूत करने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करना जरूरी होगा। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम पर इस सीरीज में बड़ी जिम्मेदारी होगी। कुल मिलाकर IPL 2027 से पहले टीम इंडिया का सफर क्रिकेट से भरपूर रहने वाला है। युवा खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का मौका होगा, वहीं फैंस की सबसे बड़ी नजर रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे मुकाबलों पर रहने वाली है।


