नई दिल्ली : अमेरिका जाने की तैयारी कर रहे लाखों वीजा आवेदकों के लिए अहम खबर है। डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने दुनिया भर में अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में वीजा अपॉइंटमेंट के शेड्यूल में बदलाव किया है। इस फैसले के बाद कई आवेदकों की पहले से तय इंटरव्यू तारीखें आगे बढ़ सकती हैं, जिससे अमेरिका जाने की योजना बना रहे लोगों की चिंता बढ़ गई है।
अधिकारियों के लिए शुरू हुआ वैश्विक प्रशिक्षण
रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी विदेश विभाग ने दुनिया भर के अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में एक वैश्विक प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है। इस प्रशिक्षण के लिए समय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वीजा सेवाओं के अपॉइंटमेंट शेड्यूल में बदलाव किया जा रहा है। विदेश विभाग ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह प्रशिक्षण कितने समय तक चलेगा। हालांकि, प्रशिक्षण का एक उद्देश्य ऐसे आवेदकों की पहचान करने के लिए अधिकारियों को तैयार करना है, जिनके भविष्य में अमेरिकी सरकारी सहायता पर निर्भर रहने की आशंका हो सकती है। इसके साथ ही वीजा आवेदनों की ज्यादा गहन और एकसमान जांच पर भी जोर दिया जाएगा।
पहले से तय इंटरव्यू भी हो सकते हैं प्रभावित
इस फैसले का सबसे सीधा असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जिन्होंने अमेरिकी इमिग्रेंट वीजा के लिए इंटरव्यू की तारीख पहले से तय कर रखी थी। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ आवेदकों को अमेरिकी दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों की ओर से ई-मेल भेजे गए हैं। इनमें बताया गया है कि उनकी पुरानी अपॉइंटमेंट तारीख बदल दी गई है और नई तारीख बाद में दी जाएगी। यानी जिन लोगों ने लंबे इंतजार के बाद इंटरव्यू स्लॉट हासिल किया था, उन्हें अब दोबारा इंतजार करना पड़ सकता है।
ट्रंप प्रशासन की सख्त इमिग्रेशन नीति
यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब ट्रंप प्रशासन अमेरिका की इमिग्रेशन व्यवस्था को और सख्त करने पर जोर दे रहा है। अवैध प्रवासियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ वीजा और ग्रीन कार्ड आवेदनों की जांच भी पहले की तुलना में अधिक कड़ी की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि इन कदमों का उद्देश्य अमेरिका की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना है। हालांकि, ट्रंप प्रशासन की कई इमिग्रेशन नीतियों को अदालत में चुनौती भी मिल रही है। हाल ही में एक अमेरिकी न्यायाधीश ने 75 देशों के नागरिकों को इमिग्रेंट वीजा जारी करने पर रोक लगाने वाली ट्रंप प्रशासन की नीति को रद्द कर दिया था। अदालत ने माना कि इस नीति को लागू करने में विदेश मंत्री मार्को रुबियो के कानूनी अधिकारों की सीमा का सवाल उठता है।
आवेदकों के लिए अब क्या?
फिलहाल अमेरिकी वीजा के लिए आवेदन कर चुके लोगों के लिए सबसे जरूरी है कि वे अपने ई-मेल और संबंधित अमेरिकी दूतावास की आधिकारिक जानकारी पर नजर बनाए रखें। जिन आवेदकों की अपॉइंटमेंट बदली गई है, उन्हें नई तारीख मिलने तक इंतजार करना पड़ सकता है। अमेरिका जाने का सपना देख रहे छात्रों, नौकरी के लिए जाने वाले लोगों, परिवारों और अन्य आवेदकों के लिए यह बदलाव फिलहाल अनिश्चितता बढ़ाने वाला जरूर है। खासकर उन लोगों के लिए, जिन्होंने यात्रा, पढ़ाई या नौकरी की योजना पहले से बना रखी है।


