बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा अब फिल्मी दुनिया में अपनी नई पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। खास बात यह है कि यशवर्धन अपने पिता गोविंदा के साथ नहीं, बल्कि अपनी मां सुनीता आहूजा के साथ पर्दे पर नजर आएंगे। दोनों की मां-बेटे की जोड़ी पहली बार किसी फिल्म में साथ दिखाई देगी।
यशवर्धन फिल्म ‘हीरो की हीरोइन’ से बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं। निर्माताओं ने फिल्म के नाम और स्टारकास्ट का ऐलान कर दिया है। फिल्म में ‘लापता लेडीज’ फेम अभिनेत्री नितांशी गोयल मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। वहीं सुनीता आहूजा फिल्म में यशवर्धन की मां का किरदार निभाएंगी। फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं, जबकि एकता कपूर, शोभा कपूर और अमर बुटाला इसके निर्माता हैं। यह फिल्म हॉरर-कॉमेडी जॉनर की होगी और 7 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
सुनीता आहूजा ने जताई खुशी
यशवर्धन के डेब्यू को लेकर सुनीता आहूजा भी काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म में वह अपने बेटे की मां की भूमिका निभा रही हैं। मां और बेटे का एक साथ फिल्मी पर्दे पर नजर आना उनके लिए बेहद खास है। वहीं दूसरी तरफ गोविंदा के फैंस के लिए भी जल्द ही खुशखबरी मिलने वाली है। गोविंदा करीब 7 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। वह ‘रूपा’ फिल्म में नजर आएंगे। फिल्म में उनके साथ कोमल रानी स्वर्णकार दिखाई देंगी। अब देखना दिलचस्प होगा कि यशवर्धन अपनी पहली फिल्म से दर्शकों के दिल में कितनी जगह बना पाते हैं और मां-बेटे की यह नई जोड़ी पर्दे पर क्या कमाल दिखाती है।


