बॉलीवुड में अपनी कॉमेडी फिल्मों के लिए पहचान बनाने वाले निर्देशक प्रियदर्शन अब एक रहस्यमयी थ्रिलर के साथ दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘हैवान’ का 45 सेकंड का टीजर रिलीज हो चुका है। टीजर सामने आते ही फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है। खास बात यह है कि फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान लंबे समय बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे।
टीजर में क्या दिखा?
‘हैवान’ के टीजर की शुरुआत सैफ अली खान के रहस्यमयी किरदार से होती है। वह एक कमरे में बंद नजर आते हैं, जबकि कमरे के बाहर अक्षय कुमार की नजर उन पर बनी हुई दिखाई देती है। इसके बाद समुद्र किनारे खड़े अक्षय कुमार की झलक देखने को मिलती है। सैफ अली खान फिल्म में एक दृष्टिहीन व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं। टीजर में उन्हें हाथ में छड़ी लेकर सड़क पर चलते हुए भी दिखाया गया है। वहीं, अक्षय कुमार का किरदार शुरुआत से ही रहस्य से घिरा नजर आता है। एक सीन में इमारत से पैसों से भरा बैग नीचे गिरता है और सड़क पर नोट बिखरे दिखाई देते हैं। इन झलकियों के जरिए फिल्म की कहानी को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।
आखिरी सीन ने चौंकाया
टीजर का सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाला हिस्सा इसका आखिरी सीन है। अक्षय कुमार कांच पर हाथ रखते हुए नजर आते हैं और उनके चेहरे पर एक खलनायकी मुस्कान दिखाई देती है। यही छोटा-सा सीन फिल्म में उनके किरदार को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करता है। क्या अक्षय कुमार फिल्म में हीरो हैं या फिर असली ‘हैवान’? फिलहाल इसका जवाब साफ नहीं है। लेकिन टीजर में उनका अंदाज देखकर इतना जरूर कहा जा सकता है कि इस बार अक्षय दर्शकों को अपनी एक अलग छवि दिखाने वाले हैं।
स्टारकास्ट और रिलीज डेट
‘हैवान’ का निर्देशन प्रियदर्शन ने किया है। फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के साथ श्रिया पिळगांवकर, सैयामी खेर, बमन ईरानी, राजपाल यादव, शरीब हाश्मी, मनोज जोशी और राजेश शर्मा जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अक्षय और सैफ की जोड़ी को लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर देखने के लिए उनके फैंस भी काफी उत्साहित हैं। अब असली सवाल यही है कि फिल्म में हीरो कौन है और हैवान कौन? इसका खुलासा सिनेमाघरों में ही होगा।


